विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

National Sports Day: मुंगेर की सृष्टि और अनन्या को पटना में मिलेगा राज्य खेल सम्मान, ताइक्वांडो में जीता था कांस्य

Published: Fri, 28 Aug 2026 06:07 PM (IST)

मुंगेर की ताइक्वांडो खिलाड़ी सृष्टि और अनन्या गुप्ता ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक जीतकर बिहार का मान बढ़ाया है। ...और पढ़ें

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा मुंगेर की सृष्टि और अनन्या गुप्ता को पटना में किया जाएगा सम्मानित

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा मुंगेर की सृष्टि और अनन्या गुप्ता को पटना में किया जाएगा सम्मानित

HighLights

  1. सृष्टि और अनन्या ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीता।

  2. राष्ट्रीय खेल दिवस पर पटना में विशेष खेल सम्मान मिलेगा।

  3. दोनों खिलाड़ियों का लक्ष्य अब स्वर्ण पदक और अंतरराष्ट्रीय मंच।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। राष्ट्रीय ताइक्वांडो के फलक पर मुंगेर की दो बेटियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और दमदार खेल से पूरे बिहार का मान बढ़ाया है। खिलाड़ी सृष्टि और अनन्या गुप्ता ने अलग-अलग राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अब इन दोनों उदीयमान खिलाड़ियों की नजर कांस्य को स्वर्ण पदक में बदलने पर टिकी है। राष्ट्रीय स्तर पर इस शानदार उपलब्धि के लिए 'राष्ट्रीय खेल दिवस' के अवसर पर आज बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा पटना में दोनों बेटियों को विशेष खेल सम्मान से नवाजा जाएगा।

कुमारी सृष्टि ने उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित 41वीं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के न्यू पूमसे वर्ग में बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले में सृष्टि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वर्ष 2022 से ताइक्वांडो का नियमित अभ्यास कर रहीं सृष्टि ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी क्षमता का गहरा प्रभाव छोड़ा है।

कैडेट वर्ग में अनन्या गुप्ता ने दिखाया अपना जौहर

दूसरी ओर, अनन्या गुप्ता ने बरेली में ही आयोजित 8वीं कैडेट राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के क्यूरोगी (फाइट) वर्ग में बिहार की ओर से मजबूत चुनौती पेश की थी। उन्होंने अपने आक्रामक खेल और बेहतरीन तकनीक के दम पर कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय पटल पर पहचान बनाई। वर्ष 2019 से लगातार पसीना बहा रहीं अनन्या इस सफलता के बाद अब आगामी प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतने के लिए जी-जान से तैयारी में जुट गई हैं।

सृष्टि और अनन्या ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना और राज्य सरकार द्वारा सम्मानित होना उनके लिए गर्व का पल है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा देगा।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य

दोनों खिलाड़ियों के कोच व अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी निखिल कुमार ने बताया कि सृष्टि और अनन्या दोनों ही तकनीकी रूप से बेहद सक्षम और अनुशासित हैं। वे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए प्रतिदिन कड़ा अभ्यास कर रही हैं। कोच ने विश्वास जताया कि इन दोनों बेटियों का अंतिम लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय तिरंगा लहराना है।