मुंगेर मधु मर्डर केस में खुलासा: सुसाइड की कहानी झूठी, दारोगा पति ने ही मारी थी गोली
मुंगेर में निलंबित दरोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की मौत के मामले में एफएसएल और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मधु ...और पढ़ें

आत्महत्या की कहानी झूठी, दारोगा ने ही मारी थी पत्नी को गोली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मुंगेर। लगभग 3 माह बाद सफियासराय थाना में तैनात निलंबित दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की मौत के हाई प्रोफाइल मामले में विज्ञानी जांच ने बड़ा खुलासा किया है।
एफएसएल और बैलेस्टिक रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि मधु ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी हत्या पति चंदन कुमार ने अपनी सर्विस पिस्टल से गोली मारकर की थी।
रिपोर्ट आने के बाद 11 अप्रैल को हुई इस सनसनीखेज घटना से आत्महत्या का पर्दा पूरी तरह हट गया है और पुलिस के संदेह पर अंतिम मुहर लग गई है।
घटना के बाद चंदन कुमार ने इसे आत्महत्या का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन शुरुआती जांच में ही कई तथ्य उसके दावे से मेल नहीं खा रहे थे।
मामले की जांच की दिशा मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट ने ही बदल दी थी। बोर्ड में शामिल डॉ. रमन, डॉ. रुपेश और डॉ. शशांक ने पोस्टमार्टम के दौरान गोली के प्रवेश और निकास बिंदु का गहन अध्ययन किया था।

रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि गोली मधु की छाती के बीचों-बीच लगी और पीठ को चीरते हुए बाहर निकली थी। गोली की दिशा और जख्म की प्रकृति आत्महत्या की सामान्य परिस्थितियों से मेल नहीं खाती थी। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।

घटना के बाद गढ़ी गई थी आत्महत्या की कहानी
11 अप्रैल की शाम मधु कुमारी की मौत के बाद चंदन कुमार ने दावा किया था कि उसकी पत्नी ने खुद को गोली मार ली। हालांकि, मृतका के मायके वालों ने शुरू से ही इस दावे को खारिज कर दिया था।
मधु के पिता रंजीत कुमार ने दामाद पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए कहा था कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का आरोप था कि घर में अक्सर विवाद होता था और मधु लगातार तनाव में रहती थी।

कानून और विज्ञान से नहीं बच सकता कोई: एसपी
एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि एफएसएल और बैलेस्टिक रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि चंदन कुमार ने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपित को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। उसके खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी
एसपी ने कहा कि पुलिस का पहला दायित्व सच्चाई को सामने लाना है। इस मामले में विज्ञानी जांच ने सच को उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो, किसी भी पद पर हो और कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून और विज्ञानी साक्ष्यों से बच नहीं सकता।