मुंगेर में रील बनाना पड़ा भारी, गंगा के पानी में डूबा 16 वर्षीय आयुष, दो बहनों के इकलौते भाई की मौत
मुंगेर के धरहरा में रील बनाने के दौरान 16 वर्षीय छात्र आयुष कुमार की गंगा के बाढ़ के पानी में ...और पढ़ें

मुंगेर के धरहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छात्र आयुष की मौत के बाद बिलखते स्वजन और परिजनों को ढांढस बंधाते ग्रामीण।
HighLights
मुंगेर में रील बनाते समय 16 वर्षीय छात्र आयुष की मौत।
गंगा के बाढ़ के पानी में डूबने से हुआ दर्दनाक हादसा।
दो बहनों का इकलौता भाई था, परिवार में मातम पसरा।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। सोशल मीडिया पर रील (Reel) बनाने का शौक 16 वर्षीय छात्र आयुष कुमार की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगढ़-सिंघिया मार्ग पर मंगलवार देर शाम गंगा नदी के बाढ़ के पानी में गिरने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक हादसा साध बाबा स्थान कुआं के समीप हुआ।
मृत छात्र मानगढ़ गांव निवासी गौतम राम का पुत्र था और स्थानीय विनायक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करता था। मिली जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर के शिक्षक विनायक भालचंद्र मंगलवार शाम करीब 12 से 15 बच्चों को लेकर मानगढ़-सिंघिया सड़क पर भ्रमण कराने ले गए थे।

मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगढ़-सिंघिया मार्ग पर साध बाबा स्थान कुआं के पास गंगा के पानी में डूबने से 16 वर्षीय छात्र आयुष की मौत
मानगढ़ निवासी गौतम राम का पुत्र आयुष कोचिंग सेंटर के शिक्षक व अन्य बच्चों के साथ घूमने निकला था, रील बनाने के दौरान फिसला पैर
दो बहनों (इशिका व सेजल) का इकलौता छोटा भाई था आयुष, भाई की मौत से परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा
प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया- पुलिस ने कोचिंग शिक्षक से की पूछताछ, रील बनाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
इसी दौरान कुछ बच्चे सड़क किनारे जमा पानी के पास फोटो खींचने और वीडियो बनाने लगे। पुलिस की पूछताछ में शिक्षक ने बताया कि आयुष भी अपने मोबाइल से रील बनाने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर सड़क किनारे जमा गहरे पानी में जा गिरा।
ग्रामीणों ने बचाकर निकाला, CHC में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आयुष के पानी में गिरते ही उसके साथ मौजूद छात्रों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए तुरंत मशक्कत शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धरहरा ले जाया गया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया।
अब किसकी कलाई पर बांधेंगे राखी
मृतक आयुष अपने परिवार में दो बहनों इशिका और सेजल का इकलौता छोटा भाई था। जैसे ही भाई की मौत की खबर घर पहुंची, दोनों बहनें दहाड़ मारकर रोने लगीं। बिलखते हुए बहनें बार-बार एक ही बात कह रही थीं "अब हम किसकी कलाई पर राखी बांधेंगे।"
यह दृश्य देखकर अस्पताल और गांव में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। इकलौते बेटे को खोने के बाद पिता गौतम राम और मां गहरे सदमे में हैं। इस हादसे के बाद पूरे मानगढ़ गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
दो बहनों के इकलौते भाई की मौत से कोहराम
उधर, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। धरहरा के प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गंगा के पानी में डूबने से छात्र की मौत हुई है। कोचिंग शिक्षक से घटना के संबंध में पूरी पूछताछ की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रील बनाते समय पैर फिसल जाने से छात्र गहरे पानी में चला गया था। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
