विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'2030 तक बिहार में ही मिलेगा मजदूरों को रोजगार', मुंगेर में CM सम्राट चौधरी का बड़ा एलान

Published: Mon, 19 Oct 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2030 तक बिहार में ही सभी को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है, ताकि किसी को मजदूरी के लिए बाहर न जाना पड़े।

सम्राट चौधरी का संकल्प: 2030 तक बिहार में ही मिलेगा हर हाथ को रोजगार

सम्राट चौधरी का संकल्प: 2030 तक बिहार में ही मिलेगा हर हाथ को रोजगार

HighLights

  1. 2030 तक बिहार में ही रोजगार का लक्ष्य निर्धारित।

  2. तारापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में बनेंगे स्टेडियम।

  3. राज्य में 211 डिग्री कॉलेज और 700 मॉडल स्कूल शुरू।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए वह अपना पूरा जीवन समर्पित कर देंगे।

उनका लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक बिहार का कोई भी व्यक्ति मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्य में जाने को मजबूर नहीं हो। बिहार में ही लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, बेहतर रोजगार, व्यापार या उच्च पद के अवसर मिलने पर युवा दूसरे राज्यों में जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री सोमवार को नवरात्र की नवमी तिथि पर तारापुर विधानसभा क्षेत्र के संग्रामपुर प्रखंड अंतर्गत कहुआ गांव पहुंचे थे। यहां तारापुर विधानसभा क्षेत्र के पहले विधायक वासुकी राय के नाम पर स्थापित खेल मैदान में आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शामिल हुए।

WhatsApp Image 2026-10-19 at 4.50.30 PM

उन्होंने विजेता व उपविजेता टीम के कप्तानों को ट्रॉफी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए तारापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। अगले दो महीने के अंदर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि वासुकी राय के नाम पर स्थापित यह खेल मैदान क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करेगा।

211 डिग्री कॉलेज शुरू किए

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले राज्य में महज 272 कॉलेज थे। उन्होंने 15 जुलाई 2026 को राज्य में एक साथ 211 डिग्री कॉलेज शुरू किए।

इसके साथ ही राज्यभर में 700 मॉडल स्कूल सह सरस्वती विद्या निकेतन शुरू किए गए। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से विद्यार्थी विशेषज्ञों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

1962 से हो रहा फुटबाल टूर्नामेंट

ग्रामीणों के अनुसार, कहुआ गांव में वर्ष 1962 से प्रत्येक वर्ष फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजित टूर्नामेंट में आठ टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबला टीटीसी मानिकपुर और पाटम की टीम के बीच खेला गया। इसमें टीटीसी मानिकपुर की टीम विजेता बनी, जबकि पाटम की टीम उपविजेता रही।

विभिन्न मंदिरों में किया माता का दर्शन

कहुआ के बाद मुख्यमंत्री संग्रामपुर प्रखंड के बद्रीविशाल सहित अन्य पूजा पंडाल तथा दुर्गा मंदिर पहुंचे तथा मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर बिहार के विकास व समृद्धि की कामना की।

यह भी पढ़ें- पटना में पूजा पंडाल पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, समृद्ध बिहार और विकसित भारत की मांगी मन्नत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।