मुगेर : रात भर तीन थाना क्षेत्रों में घुमाए गए दो छात्र, फिरौती वसूली के बाद लौटा घर, हथियार से डराया भी था
मुंगेर के जमालपुर में दो छात्रों का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उन्हें करीब छह घंटे तक तीन थाना क्षेत्रों में घुमाया और परिजनों से 1 ...और पढ़ें

मुंगेर के जमालपुर के ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र से दो नावालिग का हुआ था अपहरण।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। मुंगेर के जमालपुर के ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हथियार के बल पर दो छात्रों के अपहरण और फिरौती वसूली का मामला सामने आया। घटना के दौरान बदमाशों ने दोनों छात्रों को करीब छह घंटे तक तीन थाना क्षेत्रों में घुमाया और फिरौती के रूप में 16 हजार रुपये वसूलने के बाद उन्हें सुरक्षित छोड़ दिया। डरे-सहमे परिजन बुधवार सुबह थाने पहुंचे और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आवेदन दर्ज कराया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, अपहरणित छात्र सत्यमेव कुमार उर्फ कृष (15), पिता शंभू पासवान और अभिषेक कुमार (18), पिता रणजीत कुमार दोनों जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित जहांगीरा के निवासी हैं। सत्यमेव मैट्रिक और अभिषेक इंटर पास हैं। मंगलवार की रात दोनों भोजन के बाद टहलने के उद्देश्य से ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ मैदान के पास गए, जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था।
इसी दौरान मैदान में बैठे चार युवकों ने उनसे नाम, पता और समुदाय पूछने के बाद अचानक हथियार निकाल लिया और दोनों छात्रों को जबरन बाइक पर बैठा लिया। बताया जाता है कि सत्यमेव को लाल रंग की बाइक और अभिषेक को काले रंग की बाइक पर बैठाया गया। बदमाशों ने दोनों का मोबाइल बंद करवा दिया और धरहरा-बिलोखर की ओर ले गए। सुनसान स्थान पर बाइक रोककर दोनों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद हथियार दिखाकर सत्यमेव का मोबाइल चालू कराया और परिजनों को कॉल कर फिरौती मांगने लगे।
बदमाशों ने कहा कि दोनों युवक दो बोतल शराब के साथ पकड़े गए हैं और उन्हें छोड़ने के लिए धरहरा-जमालपुर पथ स्थित निमियाटांड पेट्रोल पंप के पास 50 हजार रुपये लाने होंगे। कॉल करने के बाद मोबाइल बंद कर दिया गया। परिजनों ने पहले बताए गए स्थान पर एक व्यक्ति भेजा, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में दोबारा कॉल कर धरहरा स्थित माताडीह बुलाया गया, जहां भी कोई नहीं दिखा।
खबरें और भी
कुछ देर बाद बदमाशों ने दरियापुर से वरमनन्नी जाने वाले रास्ते पर पहुंचने को कहा। वहां जाकर परिजनों ने 16 हजार रुपये देकर फिरौती अदा की। इसके बाद बदमाशों ने छात्रों के साथ मारपीट की और उन्हें माताडीह से भुरका जाने वाले रास्ते पर स्थित एक सरकारी स्कूल के पास छोड़ दिया। दोनों छात्र रात करीब एक बजे घर लौटे और बुधवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और आवेदन मिलने के बाद पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी जांच चल रही है और सभी पहलुओं का अध्ययन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। लोग कह रहे हैं कि बदमाशों ने तीन थाना क्षेत्रों में छह घंटे से अधिक समय तक छात्रों को घुमाया, लेकिन किसी भी स्थान पर पुलिस को भनक नहीं लगी। वहीं, कुछ लोग इसे आबकारी विभाग से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।