Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राजधानी एक्सप्रेस से 850 किलो विदेशी सुपारी बरामद, मुजफ्फरपुर में कस्टम विभाग ने की कार्रवाई

    Updated: Sun, 24 May 2026 11:23 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस से 850 किलोग्राम विदेशी सुपारी जब्त की गई। आरपीएफ, वाणिज्य और कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाई में इसकी अनुमानित ...और पढ़ें

    मुजफ्फरपुर जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस से जब्त सुपारी के साथ कस्टम और आरपीएफ की टीम। (जागरण)

    मुजफ्फरपुर जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस से जब्त सुपारी के साथ कस्टम और आरपीएफ की टीम। (जागरण)

    HighLights

    1. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर विदेशी सुपारी की बड़ी खेप जब्त।

    2. राजधानी एक्सप्रेस से 850 किलोग्राम सुपारी बरामद की गई।

    3. कस्टम विभाग ने 2.98 लाख रुपये की सुपारी जब्त की।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग एवं कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भारी मात्रा में विदेशी सुपारी बरामद की गई। रविवार को गाड़ी संख्या 20503 अप राजधानी एक्सप्रेस के मुजफ्फरपुर आगमन के दौरान की गई।

    जानकारी के अनुसार वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट मुजफ्फरपुर से सहायक उपनिरीक्षक उदयचंद्र सिंह, प्रधान आरक्षी शंकर पासवान, वाणिज्य लिपिक मनु वैभव तथा कस्टम विभाग मुजफ्फरपुर के अधीक्षक सुदामा कुमार अपनी टीम के साथ संयुक्त जांच अभियान चला रहे थे।

    10 बोरा विदेशी सुपारी

    इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची राजधानी एक्सप्रेस के वीपी नंबर एसई-203486 की जांच की गई। जांच के दौरान वीपी को खोलने पर उसमें 10 बोरा विदेशी सुपारी बरामद हुई।

    इसके बाद सामान को ट्रेन से उतारकर पार्सल कार्यालय लाया गया, जहां विस्तृत छानबीन की गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी पैकेज पर पीडब्ल्यू बिल, आरआर नंबर अथवा अन्य वैध विवरण अंकित नहीं था।

    इसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि माल किस स्थान से किस व्यापारी द्वारा बुक कराया गया था तथा इसे किसे डिलीवर किया जाना था।

    इसके बाद सभी पैकेजों का वजन कराया गया, जिसमें कुल 850 किलोग्राम विदेशी सुपारी पाई गई। संयुक्त रूप से आरपीएफ, वाणिज्य विभाग एवं कस्टम विभाग द्वारा जब्ती सूची तैयार कर माल को जब्त कर लिया गया।

    बरामद सुपारी की अनुमानित कीमत 351 रुपये प्रति किलो के हिसाब से करीब 2 लाख 98 हजार 350 रुपये आंकी गई है। जब्त विदेशी सुपारी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग मुजफ्फरपुर अपने साथ ले गया।

    यह भी पढ़ें- सोनू-मोनू के चक्कर में नप गए थानेदार, गुर्गे को तलाशी देने वाले पचमहला और हाथीदह थानाध्यक्ष सस्पेंड