विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में खाद के लिए अब आधार से ही ऑनलाइन आवेदन, बटाईदारों को भी मिलेगा लाभ

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:07 PM (IST)

Bihar Fertilizer Online Booking: बिहार सरकार ने ऑनलाइन उर्वरक खरीद के लिए किसान निबंधन की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। ...और पढ़ें

मड़वन में कतारबद्ध तरीके से 200 किसानों को उर्वरक बांटा गया। फोटो: जागरण

मड़वन में कतारबद्ध तरीके से 200 किसानों को उर्वरक बांटा गया। फोटो: जागरण

HighLights

  1. ऑनलाइन खाद खरीद को किसान निबंधन खत्म।

  2. अब केवल आधार कार्ड से होगी बुकिंग।

  3. बटाईदार किसानों को मिलेगा सीधा फायदा।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Farmer Registration Exemption: बिहार में किसानों को अब ऑनलाइन उर्वरक प्राप्त करने के लिए पूर्व से किसान निबंधन कराना अनिवार्य नहीं होगा।

राज्य सरकार की नई व्यवस्था के तहत केवल आधार कार्ड के माध्यम से भी उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग आसानी से की जा सकेगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय से बटाईदार किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें पहले औपचारिक निबंधन न होने से खाद के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

बटाईदारों के लिए नियम

बटाईदार किसानों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान उस संबंधित भूखंड का खाता नंबर दर्ज करना होगा, जिस पर वे खेती कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें बुआई वाले कुल रकबे की जानकारी भी पोर्टल पर भरनी होगी।

जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण ने बताया कि किसान स्वयं अपने मोबाइल से या किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक की मदद से बुकिंग करा सकते हैं।

रकबे के अनुसार आवंटन

किसान आईडी से लॉगिन करने पर भूमि का पूरा ब्योरा स्वतः प्रदर्शित होगा, जबकि आधार से आवेदन पर रकबा खुद दर्ज करना होगा।

फसल के चयन के आधार पर प्रणाली में खाद की अनुशंसित मात्रा प्रदर्शित होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार घटाया या बढ़ाया जा सकता है। इसके बाद पंजीकृत खाद विक्रेताओं की सूची स्क्रीन पर आ जाएगी, जहां से किसान अपनी पसंद की दुकान चुन सकेंगे।

क्यूआर कोड से आपूर्ति

आवेदन प्रक्रिया पूरी होते ही किसान के मोबाइल पर एक विशेष क्यूआर कोड जारी कर दिया जाएगा। किसान चयनित दुकान पर पहुंचकर यह कोड दिखाएंगे और पीओएस मशीन के जरिए तय सरकारी दर पर भुगतान कर खाद प्राप्त कर सकेंगे। किसान अपनी सुविधा के अनुसार सीधे खाद विक्रेता के पास जाकर भी वहां से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।

मड़वन में 200 को खाद

इधर, मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड में ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में कतारबद्ध तरीके से 200 किसानों को उर्वरक बांटा गया।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि किसानों की शिकायत पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी गिरीश कुमार खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानों पर उपस्थित होकर किसानों का त्वरित ऑनलाइन आवेदन कराया और सुचारू वितरण सुनिश्चित किया।

विक्रेताओं को विशेष प्रशिक्षण

वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रखंड के 32 खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को ऑनलाइन पोर्टल संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

दुकानदारों से डेमो आवेदन कराकर प्रणाली की बारीकियां समझाई गईं ताकि वे किसानों की तकनीकी मदद कर सकें। इसके अलावा सभी कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को भी पूरी प्रक्रिया में किसानों का मार्गदर्शन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।