बिहार के विश्वविद्यालयों में बदलेगी सहायक प्राध्यापक नियमावली, लोकभवन ने मांगे सुझाव
Bihar Assistant Professor Rules: बिहार के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नियमावली में ...और पढ़ें

HighLights
सहायक प्राध्यापक नियुक्ति नियमावली में संशोधन की तैयारी।
लोकभवन ने ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित किए हैं।
उच्च स्तरीय समिति सुझावों की समीक्षा करेगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। University Teacher Recruitment Bihar: बिहार के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर यानी सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए नियमावली में संशोधन की तैयारी शुरू कर दी गई है।
इसे लेकर राज्य के विश्वविद्यालयों, शिक्षकों, शोधार्थियों, शैक्षणिक संगठनों और आम नागरिकों से महत्वपूर्ण सुझाव मांगे गए हैं।
लोकभवन की आधिकारिक वेबसाइट पर इसके लिए एक विशेष लिंक जेनरेट किया गया है, जिसके जरिए इच्छुक लोग अपने सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
ऑनलाइन देना होगा फीडबैक
लोकभवन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सुझाव केवल वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
इसके लिए पोर्टल पर नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और वर्तमान में किए जा रहे कार्य की पूरी जानकारी देना अनिवार्य किया गया है पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक मोबाइल नंबर के जरिए केवल एक ही सुझाव देने की अनुमति दी गई है। डाक या पत्र के माध्यम से भेजे गए किसी भी ऑफलाइन सुझाव पर विचार नहीं किया जाएगा।
विसंगतियों को दूर करने की पहल
पिछले कुछ समय से विभिन्न शैक्षणिक संगठनों, शिक्षकों और अभ्यर्थियों द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी।
इसी मांग को ध्यान में रखते हुए लोकभवन ने यह अहम कदम उठाया है। प्राप्त होने वाले सभी फीडबैक की समीक्षा एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा की जाएगी, जो विभिन्न मापदंडों पर गहराई से विचार करेगी।
उम्र सीमा और चयन प्रक्रिया
समीक्षा समिति के दायरे में आवेदकों की उम्रसीमा, शैक्षणिक योग्यता और अन्य महत्वपूर्ण पहलू शामिल होंगे। इसके अलावा, लिखित परीक्षा से लेकर साक्षात्कार यानी इंटरव्यू तक के चरणों में अंकों का वेटेज कितना होना चाहिए, इस पर भी गंभीर मंथन किया जाएगा।
समिति सभी हितधारकों के सुझावों के आधार पर अंतिम प्रस्ताव तैयार करेगी, जिसके बाद इसे नई नियमावली में शामिल किया जाएगा।
16 तक भेजें सुझाव
विश्वविद्यालयों को इस संबंध में आधिकारिक रूप से जानकारी भेज दी गई है ताकि अधिक से अधिक लोग तय समय सीमा के भीतर अपनी बात रख सकें। नियमावली में सुधार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उच्च शिक्षा में चयन प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष होने की उम्मीद है। योग्य उम्मीदवार और शिक्षाविद निर्धारित अंतिम तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से अपना सुझाव भेज सकते हैं।