Bihar News: ट्रेन में शराब मिली तो रेल पुलिसकर्मियों की नीयत डोली, शराब घर ले गए GRP के हवलदार और महिला जवान
रेल पुलिस के एक हवलदार और महिला होमगार्ड जवान को ड्यूटी के दौरान जब्त शराब को घर ले जाने के ...और पढ़ें

HighLights
जीआरपी हवलदार और महिला होमगार्ड गिरफ्तार।
जब्त 27 लीटर शराब घर ले जाने का आरोप।
रेल एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। शराब की तस्करी रोकने और कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन पर है, वही शराब के मामले में आरोपित बन गए। सहरसा-गरीबरथ एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान बरामद शराब को नियमानुसार जब्त करने के बजाय अपने घर ले जाने के आरोप में जीआरपी के एक हवलदार और महिला होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया गया है।
मामला सामने आने के बाद रेल पुलिस महकमे में हलचल मच गई। रेल एसपी बीणा कुमारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। मामले में दो अन्य अज्ञात आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।
चार बैगों में मिली थी 27 लीटर शराब
घटना 19 अक्टूबर की है। ट्रेन संख्या 12204 गरीबरथ एक्सप्रेस में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान चार बैगों में अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। इनमें रॉयल स्टैग की 24 और ऑफिसर चॉइस की 12 बोतलें थीं। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं। इस तरह कुल 36 बोतलों में 27 लीटर शराब मिली थी।
जब्त करने के बजाय घर ले जाने का आरोप
आरोप है कि बरामद शराब को नियमानुसार जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बजाय ड्यूटी पर तैनात हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड जवान अर्चना कुमारी ने अपने पास रख लिया। दोनों की भूमिका सामने आने के बाद रेल एसपी ने मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया।
छपरा और मुजफ्फरपुर के रहने वाले
गिरफ्तार हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह (59) छपरा जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के सरहैया गांव के निवासी हैं। वहीं, महिला होमगार्ड जवान अर्चना कुमारी (24) मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। दोनों हाजीपुर रेल थाना में पदस्थापित बताए गए हैं।
पैरवी के बाद भी नहीं बदला फैसला
मामले में दोनों कर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बताया जाता है कि उन्हें बचाने के लिए पैरवी भी की गई, लेकिन रेल एसपी ने अपना रुख नहीं बदला। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अन्य आरोपितों की तलाश
मामले में दो अज्ञात आरोपितों के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। शराब से जुड़े मामले में रेल पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी ने विभागीय अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।