विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में छठ बाद यात्रियों की भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे का हाईटेक प्लान, 13 स्टेशनों पर विशेष तैयारी

Published: Sun, 08 Nov 2026 07:10 PM (IST)

रेलवे ने दीपावली और छठ महापर्व के बाद यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए समस्तीपुर मंडल में विशेष ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई हैै।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई हैै।

HighLights

  1. 13 प्रमुख स्टेशनों पर बनाए जाएंगे यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया।

  2. यात्रियों को मिलेंगी अस्थायी शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएँ।

  3. 14 से 25 नवंबर तक पार्सल बुकिंग पर पूर्णतः रोक रहेगी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । दीपावली और छठ महापर्व के बाद घर से वापस लौटने वाले यात्रियों को इस बार ट्रेनों के इंतजार में भीड़ और अफरातफरी का सामना न करना पड़े, इसके लिए रेलवे ने अभी से कमर कस ली है।

स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की आशंका को देखते हुए समस्तीपुर मंडल में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश से लेकर ट्रेन में सवार होने तक व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण से लेकर अतिरिक्त ट्रेनों और मेडिकल सुविधाओं तक की व्यवस्था की जा रही है।

13 स्टेशनों पर बनेगा होल्डिंग एरिया

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के आदेश पर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इसके तहत मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सकरी, जयनगर, रक्सौल, ललितग्राम, सहरसा, सीतामढ़ी, पूर्णिया कोर्ट, मोतिहारी और बेतिया में होल्डिंग एरिया तैयार किए जाएंगे। यहां यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान व्यवस्थित तरीके से ठहराया जाएगा। आरपीएफ के जवान भीड़ नियंत्रण और कतार प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

शौचालय से एंबुलेंस तक की रहेगी सुविधा

भीड़ के बीच यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी न हो, इसके लिए सभी 13 स्टेशनों पर अस्थायी शौचालय, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी।

लिफ्ट और एस्केलेटर की निगरानी 24 घंटे की जाएगी। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी रहेगी।

30 मिनट पहले होगी प्लेटफार्म की घोषणा

स्टेशन पर अंतिम समय में प्लेटफार्म बदलने से होने वाली अफरातफरी रोकने के लिए रेलवे ने सख्त व्यवस्था की है। विशेष परिस्थिति को छोड़कर ट्रेनों का प्लेटफार्म नहीं बदला जाएगा।

ऐसा करना जरूरी हुआ तो सीनियर डीओएम या एडीआरएम की अनुमति लेनी होगी। साथ ही ट्रेन के प्लेटफार्म की घोषणा कम से कम 30 मिनट पहले करनी होगी, ताकि यात्री समय रहते अपने प्लेटफार्म पर पहुंच सकें।

11 दिनों तक पार्सल बुकिंग पर रोक

भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने पार्सल बुकिंग को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। 14 से 25 नवंबर तक आवक और जावक दोनों तरह की पार्सल बुकिंग पूरी तरह बंद रहेगी। इससे स्टेशन परिसर और परिचालन व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

वार रूम से होगी हर गतिविधि की निगरानी

16 से 25 नवंबर तक वार रूम सक्रिय रहेगा। इसमें परिचालन, वाणिज्य और आरपीएफ के अधिकारी तैनात रहेंगे। किसी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में संपर्क के लिए 9263011881 नंबर जारी किया गया है। वार रूम के माध्यम से स्टेशनों की स्थिति और भीड़ प्रबंधन पर नजर रखी जाएगी।

पांच स्टेशनों पर तैयार रहेंगे अतिरिक्त रैक

यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ट्रेनों की कमी न हो, इसके लिए अतिरिक्त ट्रेनें, क्लोन ट्रेनें और अतिरिक्त कोच तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, जयनगर, रक्सौल और सहरसा में अतिरिक्त रैक भी तैयार रहेंगे। जरूरत के अनुसार इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा।

स्टेशन पर पटाखे ले जाने पर भी रहेगी रोक

सुरक्षा के लिहाज से स्टेशन परिसर में पटाखे ले जाने पर रोक रहेगी। इसके लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। रेलवे का जोर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।