झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत,मानसून के लिए मुजफ्फरपुर में करना होगा और इंतजार
Bihar Monsoon Update: मुजफ्फरपुर में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह मानसूनी सक्रियत ...और पढ़ें

बुधवार की दोपहर अचानक आसमान में बादल छाए और बारिश होने लगी। फोटो: जागरण
HighLights
अचानक हुई बारिश से मुजफ्फरपुर में गर्मी-उमस से मिली राहत।
मौसम विज्ञानी बोले, यह मानसूनी सक्रियता नहीं, मानसून कमजोर।
अलनीनो प्रभाव से मानसून धीमा, 20 जून के बाद व्यापक बारिश।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Weather Update: बुधवार की सुबह से जारी कड़ी धूप और भीषण उमस ने मुजफ्फरपुर के लोगों को बेहाल कर रखा था। सुबह आठ के बाद ही स्थिति ऐसी हो गई कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
खासकर खुले आसमान के नीचे काम करने वाले मजदूरों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, और लोग पसीने से तर-बतर थे, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली।
आसमान में काले-काले बादल छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस अचानक हुई बारिश ने तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी।तापमान में गिरावट आने से अब घरों में पंखे और कूलर का असर महसूस होने लगा है, जिससे लोगों ने चैन की सांस ली है।
क्या सक्रिय हो गया मानसून?
इस राहत के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिले में मानसून सक्रिय हो गया है? मौसम विज्ञानियों की मानें तो जवाब 'ना' है। वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, भले ही प्रदेश में मानसून का प्रवेश हो चुका है और यह चंपारण समेत आसपास के इलाकों में पहुंच गया है, लेकिन फिलहाल यह बेहद कमजोर स्थिति में है।
मौसम विभाग इस दोपहर की बारिश को मानसूनी सक्रियता नहीं मान रहा है। ऐसा अनुमान है कि अलनीनो के प्रभाव के कारण जिले में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
तेज हवा उड़ा ले जा रही बादल
डॉ. सत्तार ने बताया कि जिले के आसपास के क्षेत्रों में मानसून सक्रिय तो है, लेकिन मुजफ्फरपुर शहर और इसके नजदीकी इलाकों में इसका इंतजार बढ़ता जा रहा है। आसमान में काले बादल जरूर उमड़ रहे हैं, लेकिन तेज हवाएं उन्हें उड़ाकर आगे ले जा रही हैं।
खबरें और भी
तेज हवा चलने के कारण ही नियमित बारिश की संभावना कम हो जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों (20 जून तक) में व्यापक मानसूनी बारिश के आसार काफी कम हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में छिटपुट या स्थानीय स्तर पर बारिश जरूर हो सकती है, लेकिन इसे पूरी तरह मानसूनी बारिश नहीं कहा जा सकेगा।
20 जून के बाद ही जिले में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है, तब तक भीषण गर्मी और उमस का दौर बीच-बीच में परेशान करता रहेगा।
बुधवार को सामान्य से अधिक रहा तापमान
मंगलवार को भी दिनभर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे थे। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।