छठ पर मुजफ्फरपुर जंक्शन में बदलेगी व्यवस्था, ट्रेन का इंतजार अब प्लेटफार्म पर नहीं
छठ पर्व पर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भीड़ नियंत्रण के लिए 9510 वर्गफीट का अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। यात्री अब ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर 9510 वर्गफीट का अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार।
ट्रेन आने पर यात्रियों को समूहवार प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा।
छठ के बाद वापसी भीड़ नियंत्रण में भी होल्डिंग एरिया उपयोगी।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। छठ पर्व पर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भीड़ नियंत्रण के लिए नई व्यवस्था लागू होगी। इसके लिए जंक्शन पर 9510 वर्गफीट में अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है। 16 से 25 नवंबर तक इस व्यवस्था को लागू रखने की तैयारी है।
समस्तीपुर रेल मंडल ने मुजफ्फरपुर के साथ समस्तीपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल व सहरसा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर कुल 88650 वर्गफीट में अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाने की योजना है। इसके लिए करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं।
ट्रेन आने के बाद समूहवार भेजे जाएंगे यात्री
ट्रेन आने और प्लेटफार्म पर जगह उपलब्ध होने के बाद ही यात्रियों को समूहवार आगे भेजा जाएगा। इससे ट्रेन के इंतजार में घंटों पहले प्लेटफार्म पर जमा होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश होगी।
यात्रियों को पहले जंक्शन परिसर में ही रोका जाएगा। ट्रेन के आने की सूचना व प्लेटफार्म की स्थिति के अनुसार उन्हें समूह में प्लेटफार्म पर भेजा जाएगा। एक साथ कई ट्रेनों के यात्रियों के जंक्शन पहुंचने पर इस व्यवस्था से भीड़ का दबाव कम करने का लक्ष्य है।
पर्व के बाद भी उपयोग में आएगा होल्डिंग एरिया
छठ पर्व समाप्त होने के बाद मुजफ्फरपुर से दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब, हरियाणा, कोलकाता समेत दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। इस दौरान जंक्शन के प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज व निकास मार्गों पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।
ऐसे में होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल वापसी की भीड़ को नियंत्रित करने में भी किया जाएगा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पेयजल, ट्रेन की उद्घोषणा, मेडिकल बूथ व सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं रहेंगी।
ट्रेन व प्लेटफार्म से संबंधित जानकारी उद्घोषणा कर दी जाएगी। इससे भीड़ के बीच यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अचानक प्लेटफार्म की ओर भागने की स्थिति को कम करने का प्रयास होगा। नई व्यवस्था की तैयारी चल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।