मुजफ्फरपुर में बारिश से मिली गर्मी से राहत, अगले कुछ दिनों तक हल्की वर्षा के आसार
Bihar Monsoon Update: मुजफ्फरपुर में हुई झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, जबकि मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना ज ...और पढ़ें

10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फोटो: जागरण
HighLights
मुजफ्फरपुर में झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से मिली राहत।
अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात के आसार।
किसानों को मक्का और धान की फसल के लिए कृषि सलाह जारी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Weather Update: जिले में शुक्रवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिलने से लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे।
हालांकि शाम होते-होते हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए नया पूर्वानुमान जारी किया है।
पांच तक कमजोर रहेगा मानसून
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम सेवा केंद्र के अनुसार उत्तर बिहार में पांच अगस्त तक झमाझम बारिश की संभावना कम है।
हालांकि दो से चार अगस्त के बीच कई इलाकों में बादल गरजने, वज्रपात और 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तापमान और नमी का अनुमान
वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सुबह के समय हवा में आर्द्रता (नमी) लगभग 80 प्रतिशत तक रहेगी, जबकि दोपहर में यह घटकर 40 से 45 प्रतिशत पर आ जाएगी।
किसानों के लिए कृषि सलाह जारी
मौसम के रुख को देखते हुए जिला कृषि अधिकारी भारत भूषण ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने मक्के की 30-35 दिन की फसल में निराई-गुड़ाई कर 40 किलो प्रति हेक्टेयर की दर से यूरिया देने की बात कही। इसके साथ ही धान के खेतों में पानी जमा न होने देने और फसलों की कीटों से सुरक्षा करने का निर्देश दिया।