मुजफ्फरपुर के जेल में गूंज रहा 'कांच ही बांस के बहंगिया..., पोखर की सजावट में जुटे बंदी
Chhath Puja 2026 : मुजफ्फरपुर जेल में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जहां ...और पढ़ें

इसमें AI जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
जेल में छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है।
बंदी मिलकर कारा परिसर स्थित पोखर की सजावट में जुटे हैं।
व्रती बंदियों को विशेष भोजन, वस्त्र और पूजा सामग्री मिलेगी।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' और 'जोड़े-जोड़े फलवा, सुरुज देव...' जैसे छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज अब जेल की चारदीवारी के भीतर भी सुनाई देने लगी है।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं।
कहीं छठ के गीतों से माहौल भक्तिमय हो रहा है तो कहीं पोखर को सजाने-संवारने में बंदी जुटे हैं। जेल परिसर में भी छठ की वही आस्था, श्रद्धा और उत्साह देखने को मिल रहा है, जो आम घरों और घाटों पर नजर आता है।
पोखर को सजाने में जुटे बंदी
कारा परिसर स्थित पोखर की साफ-सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया है। इसमें कारा प्रशासन के साथ बंदी भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
पोखर को आकर्षक ढंग से तैयार किया जा रहा है, ताकि छठ व्रती पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। पूजा स्थल को व्यवस्थित करने से लेकर अन्य तैयारियों तक में बंदियों की भागीदारी देखने को मिल रही है।
व्रतियों के लिए विशेष भोजन और नए वस्त्र
छठ व्रत करने वाले बंदियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए कारा प्रशासन विशेष इंतजाम कर रहा है।
व्रतियों के लिए विशेष भोजन तैयार कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें नए वस्त्र और पूजा में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि बंदियों को जेल में रहते हुए भी पर्व मनाने के दौरान अपने घर और परिवार से दूर होने का अभाव कम महसूस हो।
सामूहिक रूप से होगी छठ पूजा
जेल अधीक्षक यूसूफ रिजवान ने बताया कि कारा परिसर में छठ पूजा की सामूहिक व्यवस्था की जा रही है। पोखर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
व्रत करने वाले बंदियों को पूजा के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी बंदी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से छठ पूजा कर सकेंगे। इसके लिए कारा प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।