Updated: Thu, 27 Jun 2024 02:12 PM (IST)
Bihar News लोकसभा चुनाव के बाद बिहार सरकार एक्शन मोड में दिख रही है। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने अपराधियों वार्निग देते हुए कहा कि एनकाउंटर का दौर शुरू ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि राज्य में 2005 से 2010 के दौरान जैसी कानून-व्यवस्था थी, वैसी ही लाएं।
उन्होंने कहा कि जिले में एनकाउंटर शुरू हो गया है और यह आगे भी जारी रहेगा। बदमाशों को अब घर में भी एनकाउंटर की आवाज सुनाई देगी।
बुधवार को एक कार्यक्रम के बाद प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस सरकार में सभी की सुरक्षा होगी। अगर कोई अपराध करता है, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ही एसटीएफ का गठन किया गया है।
लापरवाह व अक्षम पुलिस अधिकारियों पर भी होगा एक्शन
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि अपराध पर नियंत्रण करने में अक्षम और लापरवाही पुलिस पदाधिकारी बख्शा नहीं जाएंगे। सरकार ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
मीडिया कर्मी की हत्या क्या कहा?
मुजफ्फरपुर में एक मीडियाकर्मी की हत्या को लेकर सवाल पूछे जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एनकाउंटर शुरू कर दिया गया है। बदमाश कहीं छिप जाएं, वह बच नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति की वह समीक्षा कर रहे हैं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बैंक लूटने आए दो बदमाशों को पुलिस ने मारी गोली
विदित हो कि मुजफ्फरपुर के मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी में मंगलवार को बैंक लूटने आए दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारी थी। दोनों के पैर में गोली लगी है। इससे पहले भी अहियापुर में भी मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने इसी माह दो बदमाशों को पैर में ही गोली मारी थी।