Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर के अनय और देवांश ने जेईई एडवांस्ड में लहराया परचम, बने प्रेरणा

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 09:47 PM (IST)

    Bihar Education News: मुजफ्फरपुर के अनय गौतम और कुमार देवांश ने जेईई एडवांस्ड 2026 में क्रमशः 522वीं और 653वीं रैंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। ...और पढ़ें

    इस वर्ष कई छात्र-छात्राओं ने पहली ही कोशिश में परीक्षा में सफलता हासिल की।

    इस वर्ष कई छात्र-छात्राओं ने पहली ही कोशिश में परीक्षा में सफलता हासिल की।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। JEE Advanced Result:जिले के छात्रों ने जेईई एडवांस्ड 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। इस वर्ष कई छात्र-छात्राओं ने पहली ही कोशिश में परीक्षा में सफलता हासिल की।

    गोबरसही निवासी अनय गौतम ने कॉमन रैंक लिस्ट में 522वीं रैंक प्राप्त की, जबकि साहेबगंज प्रखंड के मूल निवासी कुमार देवांश ने 653वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों छात्र भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर आईएएस बनने का सपना देखते हैं।

    अनुशासन और नियमित अध्ययन से सफलता

    अनय गौतम ने बताया कि जेईई एडवांस्ड जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा में सफलता के लिए उन्होंने प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक नियमित अध्ययन किया। उनकी तैयारी का मुख्य आधार समय प्रबंधन, लगातार अभ्यास और विषयों की गहरी समझ रही। उनका मानना है कि किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण हैं।

    अनय के पिता सत्येंद्र सिंह हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के जैतपुर पब्लिक स्कूल से हुई। विज्ञान और गणित में विशेष रुचि होने के कारण उन्होंने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी का लक्ष्य तय किया।

    आगे की तैयारी के लिए उन्होंने कोचिंग का सहारा लिया। अनय अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ अपने दादा रवींद्र सिंह को भी देते हैं।

    कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं देवांश

    कुमार देवांश ने बताया कि वह आगे कंप्यूटर साइंस से बीटेक करना चाहते हैं। उनके पिता शैलेंद्र कुमार टुन्नू मुशहरी प्रखंड के उमावि शेखपुर में प्रधानाध्यापक हैं, जबकि माता रत्नमाला बंदरा प्रखंड के मध्य विद्यालय पिरापुर में शिक्षिका हैं।

    देवांश ने दसवीं तक की पढ़ाई सरकारी विद्यालय से की। इसके बाद उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य से बाहर चले गए। उन्होंने जेईई मेन्स 2026 में 747वीं रैंक हासिल की थी और 99.957 परसेंटाइल प्राप्त किया था।

    खबरें और भी

    बोर्ड परीक्षा के साथ जारी रखी जेईई की तैयारी

    देवांश ने बताया कि जेईई एडवांस्ड की परीक्षा कुल 360 अंकों की थी, जिसमें गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान से 120-120 अंकों के प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा के दौरान उन्हें सात अंक निगेटिव मार्किंग में गंवाने पड़े, फिर भी उन्होंने उत्कृष्ट रैंक हासिल की।

    उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ उनका पूरा फोकस शुरू से ही जेईई मेन्स और जेईई एडवांस्ड पर रहा। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय वह माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देते हैं।

    मुजफ्फरपुर के इन दोनों छात्रों की सफलता ने यह साबित किया है कि सही रणनीति, निरंतर मेहनत और परिवार का सहयोग किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।