समस्तीपुर मंडल में 37 ROB को रेलवे बोर्ड की हरी झंडी, खुद जमीन अधिग्रहण करेगा रेलवे
Bihar Railway Projects: समस्तीपुर रेल मंडल में 37 समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा, जिसे 'विशेष ...और पढ़ें

रेलवे ने इन सभी आरओबी को 'विशेष रेल परियोजना' घोषित कर दिया है। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Samastipur Railway Division: पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल में 37 समपार फाटकों (लेवल क्रॉसिंग) पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा।
रेलवे ने इन सभी आरओबी को 'विशेष रेल परियोजना' घोषित कर दिया है। रेल मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद अब रेलवे बोर्ड के आदेश पर निर्माण प्रक्रिया को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
रेलवे खुद करेगा अधिग्रहण
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विशेष मॉनीटरिंग पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह स्वयं करेंगे। सबसे बड़ा नीतिगत बदलाव यह किया गया है कि आरओबी निर्माण के लिए जरूरी भूमि अधिग्रहण का काम अब राज्य सरकार के बजाय रेलवे खुद करेगा। इस व्यवस्था से जमीन अधिग्रहण में होने वाला अनावश्यक विलंब खत्म होगा और तय समय सीमा में कार्य पूरा हो सकेगा।
इन जिलों में निर्माण
समस्तीपुर मंडल के तहत बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, खगड़िया, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी और सुपौल जिलों में ये आरओबी प्रस्तावित हैं। इनमें दरभंगा और सहरसा जिले की कई महत्वपूर्ण और व्यस्त लेवल क्रॉसिंग शामिल हैं। इसके अलावा मधुबनी में एक स्थान पर लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।
जाम से मिलेगी मुक्ति
विशेष दर्जा मिलने के बाद रेलवे के संबंधित तकनीकी विभागों को जमीनी प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया गया है। आरओबी बनने से जहां रेलवे फाटकों पर लगने वाले भीषण सड़क जाम से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर ट्रेनों का सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन भी सुनिश्चित हो सकेगा।
जिलों के अनुसार संख्या
परियोजना के तहत दरभंगा में सर्वाधिक नौ और सहरसा में छह आरओबी बनाए जाएंगे। इसके अलावा सीतामढ़ी में पांच, सुपौल में चार, मधुबनी, पूर्णिया व समस्तीपुर में तीन-तीन, खगड़िया में दो तथा बेगूसराय और पश्चिम चंपारण में एक-एक आरओबी का निर्माण होगा। इस तरह कुल 37 समपार फाटकों पर आरओबी और एलएचएस का निर्माण पूरा किया जाएगा।
