राशन में पांच किलो की कटौती का विरोध पड़ा भारी, वीडियो बनाने पर डीलर ने उपभोक्ता को पीटा
मोतीपुर के बतरौल गांव में राशन डीलर ने उपभोक्ता सन्नी कुमार को पांच किलो राशन कम देने का विरोध करने और वीडियो बनाने पर पीट दिया। सन्नी कुमार जख्मी हो ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मोतीपुर (मुजफ्फरपुर)। ration scam Bihar: थाना क्षेत्र के बतरौल (नरियार) गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में धांधली का विरोध करना एक उपभोक्ता को महंगा पड़ गया। राशन कम दिए जाने की शिकायत पर वीडियो बनाने के दौरान डीलर और उसके पति ने उपभोक्ता की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह जनवरी माह का राशन उठाव करने गांव की डीलर कविता देवी की दुकान पर गया था। वहां उसे निर्धारित मात्रा से करीब पांच किलो कम राशन दिया जा रहा था।
छीन लिया मोबाइल
घटतौली का विरोध करते हुए जब सन्नी कुमार ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू किया, तो डीलर कविता देवी और उसके पति बालेन्द्र सहनी गुस्से में आ गए।आरोप है कि दोनों ने सन्नी कुमार को खींचकर घर के अंदर ले जाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसके साथ मारपीट की।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को छुड़ाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पीड़ित ने इस संबंध में मोतीपुर थाना में आवेदन देकर डीलर और उसके पति को नामजद आरोपी बनाया है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
2026 में राशन लेने के नए नियम
2026 में सरकारी राशन लेने के लिए कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं अनिवार्य कर दी गई हैं। अगर राशन कार्ड धारक इन नियमों को पूरा नहीं करते हैं, तो उन्हें राशन मिलने में परेशानी हो सकती है। सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाना है।
e-KYC अनिवार्य
सरकार ने सभी राशन कार्ड धारकों के लिए e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। परिवार के हर सदस्य का आधार आधारित e-KYC अपडेट होना जरूरी है। यदि परिवार के किसी एक सदस्य का भी e-KYC नहीं हुआ है, तो उस सदस्य के हिस्से का राशन रोका जा सकता है। कई मामलों में पूरा राशन भी प्रभावित हो सकता है।
आधार से जुड़ा राशन कार्ड जरूरी
राशन कार्ड का आधार से लिंक होना अब आवश्यक है। दुकान पर राशन लेते समय बायोमेट्रिक सत्यापन (अंगूठा) के जरिए पहचान की जाती है। इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि राशन सही लाभार्थी तक ही पहुंचे।
वन नेशन, वन राशन कार्ड (ONORC) की सुविधा
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत यदि कोई लाभार्थी अपने गृह क्षेत्र से बाहर रहता है, तो भी वह देश के किसी भी सरकारी राशन दुकान से अपना निर्धारित राशन ले सकता है। इसके लिए केवल आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी है। यह सुविधा खासकर प्रवासी मजदूरों के लिए बेहद लाभकारी है।
राशन में गड़बड़ी पर कहां करें शिकायत
यदि कोई राशन डीलर अनाज देने में आनाकानी करता है, कम अनाज देता है या तकनीकी बहाने बनाता है, तो उपभोक्ता शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
- बिहार टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1800-345-6194
- राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन: 1967