मुजफ्फरपुर में मां से बातचीत के विवाद में सात वर्षीय ऋषिकेश की नृशंस हत्या
मुजफ्फरपुर के चैनपुर पररी गांव में सात वर्षीय ऋषिकेश कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी सिकंदर चौधरी को बच्चे की मां से फोन पर बातचीत को ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सात वर्षीय ऋषिकेश की नृशंस हत्या का खुलासा।
मां से फोन पर बातचीत विवाद बना हत्या का कारण।
आरोपी सिकंदर चौधरी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में।
संवाद सहयोगी, मड़वन (मुजफ्फरपुर)। करजा थाना क्षेत्र के चैनपुर पररी गांव में सात वर्षीय मासूम ऋषिकेश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया।
बालक की मां से फोन पर बात करने के कारण उपजे विवाद में उसकी हत्या के स्वीकारोक्ति बयान के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित सिकंदर चौधरी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिकंदर चौधरी अक्सर बालक की मां से फोन पर बातचीत करता था। इस बात पर महिला के पति को काफी आपत्ति थी।
बताया जा रहा है कि इस कारण पहले भी विवाद हुआ था और सिकंदर ने महिला को देख लेने की धमकी भी दी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने बीते 27 फरवरी को मासूम की हत्या कर दी।
इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव के चौर में मिट्टी के अंदर गाड़ दिया। उल्लेखनीय है कि रविवार की सुबह गांव के चौर में तोरी काटने गए लोगों ने गड्ढे के ऊपर कपड़ा देखा था।
संदेह होने पर लोगों ने शोर मचाया और मिट्टी हटाने पर अंदर से बच्चे का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
हाथ-पैर काटकर बालक की नृशंस तरीके से हत्या की गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर सिकंदर चौधरी को हिरासत में लिया था।
करजा थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।