मुजफ्फरपुर में जेसीबी से तोड़फोड़ मामले में बेलसंड विधायक के भाई की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक
Muzaffarpur Ahiyapur Case: मुजफ्फरपुर के अहियापुर में जेसीबी से तोड़फोड़ मामले में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के भाई सोनू ...और पढ़ें

याचिका को अग्रिम सुनवाई के लिए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-17 की अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया है!
आकाश कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Ahiyapur Case: जिले के अहियापुर स्थित झपहां-उदनडीह में जेसीबी से चहारदीवारी तोड़ने और मकान क्षतिग्रस्त करने के मामले में अदालत से बड़ी खबर सामने आई है।
प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सीतामढ़ी के बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव कुमार की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए फिलहाल एक मामले में गिरफ्तारी पर रोक (नो कोर्सिव एक्शन) लगा दी है।
इसके साथ ही याचिका को अग्रिम सुनवाई के लिए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-17 की अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां 10 सितंबर को अगली सुनवाई निर्धारित की गई है।
पीड़ित ने कराई प्राथमिकी
सीतामढ़ी के महिंदवारा थाना अंतर्गत चक्की रामपुर निवासी सुनील कुमार ने 23 अगस्त को अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2023 में अपनी पत्नी के नाम से 3.75 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराई थी और दाखिल-खारिज के बाद वहां मकान बनाकर रह रहे थे।
20 अगस्त की दोपहर करीब 50 उपद्रवी जेसीबी, थार, स्कॉर्पियो और 20 बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और उनकी बाउंड्री वॉल को गिरा दिया।
सोनू बॉस से डील
हमलावरों ने जब पूरे मकान को जेसीबी से ढहाने की कोशिश की, तो पीड़ित जान जोखिम में डालकर जेसीबी के आगे बैठ गए। डायल 112 की पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद उनकी जान बची।
इस बीच एक हमलावर ने उन्हें मोबाइल नंबर थमाते हुए 'सोनू बॉस' से फोन पर बात कर पूरा मामला सुलझाने और डील करने की धमकी दी थी।
कुल 28 मामले दर्ज
भूमि विवाद और तोड़फोड़ से जुड़े इस पूरे घटनाक्रम में अहियापुर थाने में अब तक कुल 28 अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से 10 मामलों में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू और उनके भाई अभिनव कुमार उर्फ सोनू सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस दोनों के खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों की भी गहन पड़ताल कर रही है।
हथियार व दस्तावेज जब्त
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विधायक के बैरिया स्थित आवास पर छापेमारी कर सादे स्टांप पेपर, पार्टनरशिप एग्रीमेंट और कई बैंक दस्तावेज जब्त किए थे।
इसके अतिरिक्त विधायक के बेलसंड कार्यालय से दो आरोपितों को एक पिस्टल, दो मैगजीन और नौ जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा गया था। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों को भी खंगालने में जुटी है।
सात आरोपित पहुंचे जेल
मुजफ्फरपुर से लेकर सीतामढ़ी तक चली सघन कार्रवाई में अहियापुर थाना पुलिस ने अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार होने वालों में सुमित कुमार श्रीवास्तव, सन्नी सिंह उर्फ तुषार, नन्हे सिंह, छोटू कुमार उर्फ छोटू यादव, आनंद कुमार, विकास राठौड़ और जेसीबी मालिक सुबोध राय शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
