मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत कार्यक्रम में छिनतई, जदयू नेता के गले से 7 लाख की चेन उड़ाई
JDU Leader Chain Theft: मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत कार्यक्रम में जदयू नेता राजेश मंडल की सात लाख की ...और पढ़ें
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत में जदयू नेता की चेन चोरी।
राजेश मंडल की सात लाख रुपये की सोने की चेन उड़ाई।
भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने दिया अंजाम।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Chain Snatching: जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी सरैया नहर चौक पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत समारोह के दौरान जदयू नेता राजेश मंडल के गले से सोने की चेन चोरी हो गई।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात उचक्कों ने घटना को अंजाम दिया। चोरी गई चेन की वर्तमान बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
भीड़ का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, लदौड़ा निवासी राजेश मंडल गुरुवार (3 सितंबर) को करीब 2:10 बजे सकरी चौक पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम में मौजूद थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब है। राजेश मंडल ने बताया कि भीड़ के बीच अज्ञात चोरों ने बड़ी सफाई से चेन उड़ा ली।
तीन साल पहले खरीदी
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने यह सोने की चेन करीब तीन वर्ष पहले 2.53 लाख रुपये में खरीदी थी। वर्तमान बाजार मूल्य करीब सात लाख रुपये बताया जा रहा है।
घटना के बाद उन्होंने तुर्की थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की त्वरित जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
शिकायत मिलने के बाद तुर्की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद थे। घटना के बाद समारोह में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
