विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर SKMCH में मिले डेंगू के 4 नए मरीज, एक अस्पताल कैंपस का ही रहने वाला; जिले में अलर्ट

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:11 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में चार नए डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई है, जिससे जिले में कुल मामले 46 हो गए ...और पढ़ें

एक साथ चार पॉजिटिव केस सामने आने से अस्पताल प्रशासन से लेकर जिला स्वास्थ्य महकमे तक में हड़कंप मच गया है।

एक साथ चार पॉजिटिव केस सामने आने से अस्पताल प्रशासन से लेकर जिला स्वास्थ्य महकमे तक में हड़कंप मच गया है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Dengue Cases SKMCH: श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल (SKMCH) में भी अब डेंगू का प्रकोप पांव पसारने लगा है।

गुरुवार को एसकेएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई जांच के दौरान चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एक साथ चार पॉजिटिव केस सामने आने से अस्पताल प्रशासन से लेकर जिला स्वास्थ्य महकमे तक में हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसकेएमसीएच प्रशासन ने आनन-फानन में इसकी विस्तृत रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य मुख्यालय को भेजते हुए जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया है।

28 सैंपलों की जांच में मिले 4 मरीजमिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एसकेएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में 28 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच की गई थी।

देर शाम आई रिपोर्ट में चार मरीजों में डेंगू के लक्षण पूरी तरह पॉजिटिव पाए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संक्रमित पाए गए मरीजों में एक मरीज खुद एसकेएमसीएच कैंपस का ही रहने वाला है।

इसके अलावा अन्य मरीजों में जिले के कांटी और गायघाट प्रखंड का एक-एक मरीज शामिल है, जबकि एक मरीज पड़ोसी जिले सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड का रहने वाला बताया जा रहा है।

स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, फॉगिंग और निगरानी तेजएसकेएमसीएच माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि सभी पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट राज्य मुख्यालय भेज दी गई है।

साथ ही एसकेएमसीएच प्रशासन से अस्पताल परिसर में सफाई और स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाने की मांग की गई है। वहीं, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रभावित इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। आंकड़ों के अनुसार, जिले में मुशहरी प्रखंड डेंगू का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बना हुआ है, जहां अब तक सर्वाधिक 21 मरीज मिल चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के तमाम दावों के बावजूद जिले में अब तक महज 23 जगहों पर ही डेंगू मच्छर रोधी छिड़काव (फॉगिंग) कराया गया है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

इधर, डॉक्टरों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास, कूलर, गमलों या टूटे बर्तनों में पानी जमा न होने दें। शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनें और यदि तेज बुखार या बदन दर्द के लक्षण हों तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल जाकर जांच कराएं।

यह भी पढ़ें- डेंगू के खिलाफ AIIMS का बड़ा शोध, इलाज को लेकर जगी नई उम्मीद; दवा बनाने का खुला रास्ता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।