प्रभारी मंत्री डॉ. जायसवाल का बड़ा एलान,मुजफ्फरपुर में जमीन की कमी से नहीं रुकेगा विकास कार्य
मुजफ्फरपुर में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ...और पढ़ें

समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक करते मंत्री डा.दिलीप जायसवाल। फोटो: जागरण
HighLights
प्रभारी मंत्री ने मुजफ्फरपुर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
जमीन की कमी से विकास योजनाएं बाधित नहीं होंगी।
अधिकारियों को समय पर भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Development Schemes: जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति देने तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
समाहरणालय सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने की। इस दौरान मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में जमीन की कमी के कारण विकास की कोई भी योजना बाधित नहीं होने दी जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश
बैठक की शुरुआत में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य-सचिव एवं जिलाधिकारी कुमार गौरव ने विकास कार्यों में जन-प्रतिनिधियों के सहयोग को बहुमूल्य बताया।
प्रभारी मंत्री ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों और प्रशासनिक अमले को शहर से लेकर गांवों तक को सुंदर बनाने के लिए पूरी तरह सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया। साथ ही जन समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निदान करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
योजनाओं की प्रगति
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2026-27 तक स्वीकृत कुल 3,245 योजनाओं में से 3,124 को पूरा कर लिया गया है।
विभिन्न कारणों से 38 योजनाओं को रद्द किया गया है, जबकि शेष 77 योजनाएं प्रगति पर हैं जिन्हें तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा गया है। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की समीक्षा में बताया गया कि कुल 217 में से 208 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
रोजगार और आवास
विकसित भारत योजना के तहत रोजगार सृजन और पौधरोपण के कार्यों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अधिकांश लाभुकों को किश्तें जारी कर दी गई हैं और पूर्ण आवासों का निर्माण हो चुका है।
प्रभारी मंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंताओं को जलापूर्ति योजनाओं को पूरी सफलता के साथ क्रियान्वित करने का निर्देश दिया है।
भूमि उपलब्धता सुनिश्चित
प्रभारी मंत्री ने बैठक में दोटूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में भूमि संबंधी अड़चनें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देशित किया कि वे संबंधित अंचल अधिकारियों के माध्यम से विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित कराएं।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, रमा निषाद समेत कई सांसद, विधायक, विधान पार्षद और महापौर निर्मला देवी उपस्थित रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।