मुजफ्फरपुर में दाखिल-खारिज में लापरवाही पर डीएम सख्त, वेतन रोका और मांगा जवाब
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मुशहरी अंचल में दाखिल-खारिज के बड़ी संख्या में लंबित मामलों पर कार्रवाई की है। तीन राजस्व कर्मचारियों का वेतन तत्काल प्रभाव स ...और पढ़ें

मुशहरी अंचल कार्यालय में कर्मी से पूछताछ करते जिलाधिकारी l जागरण
HighLights
मुशहरी अंचल में दाखिल-खारिज के मामले लंबित मिले।
तीन राजस्व कर्मचारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित।
डीएम ने सरकारी कार्यों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी।
संवाद सहयोगी, मुशहरी (मुजफ्फरपुर) । जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मुशहरी अंचल में दाखिल-खारिज के बड़ी संख्या में मामले लंबित मिलने पर तीन राजस्व कर्मचारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके साथ ही सीओ और आरओ की लागिन में भी बिना किसी ठोस कारण के कई वाद लंबे समय से लंबित मिले। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उसका निष्पादन शीघ्र करने का आदेश दिया है।
प्रखंड और अंचल कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान गुरुवार को मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान डीएम के कड़े तेवर देख कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
डीएम ने पहुंचने के साथ ही कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन, पंचायत स्तरीय विभिन्न योजनाओं एवं राजस्व से संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कर्मी ज्याउद्दीन से बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
इसके बाद अंचल कार्यालय में भी कर्मियों से उपस्थिति एवं कार्यालय संचालन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां हासिल की। डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आरटीपीएस, पंचायतों से संबंधित योजनाओं, दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस समेत अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
जांच के दौरान दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन प्लस से संबंधित कई मामले लंबित पाए गए। मामला यह भी सामने आया कि कुछ राजस्व कर्मचारियों की लागिन में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही बरती गई है।
इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व कर्मचारी भूपेंद्र नारायण सिंह, अमित कुमार व सुनील कुमार की आइडी पर 120 दिनों से अधिक समय से आवेदन लंबित पाए जाने के कारण उनका वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।
खबरें और भी
साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। इसके अलावा अधिक संख्या में आवेदन लंबित रहने के करण राजस्व कर्मचारी एकता कुमारी, भरत कुमार एवं सुनील कुमार से भी स्पष्टीकरण की मांग की गई है। डीएम ने सख्त चेतावनी दी है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।