मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह के तीन महीने बाद स्नातक छात्रा की मौत, अंतिम संस्कार की तैयारी ने खड़े किए सवाल
मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह के तीन महीने बाद एक स्नातक छात्रा की संदिग्ध मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज ...और पढ़ें
-1788459688575_m.webp)
युवती की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
HighLights
प्रेम विवाह के तीन महीने बाद छात्रा की मौत।
मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव कब्जे में लिया।
संवाद सहयोगी, सरैया (मुजफ्फरपुर)। थाना क्षेत्र की बसंतपुर उत्तरी पंचायत स्थित कोन्ही टोला में प्रेम विवाह के तीन महीने बाद ही स्नातक छात्रा की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।
गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी, इसी बीच मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रोकवाते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।
मौका मिलते ही पति समेत ससुराल के अन्य सदस्य फरार हो गए। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बताया जाता है कि कोन्ही टोला निवासी रामनाथ सहनी के तीसरे पुत्र महेश सहनी ने पड़ोस के गांव की रहने वाली स्नातक की एक छात्रा वर्षा कुमारी (22 वर्ष) के साथ तीन महीने पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था।
मायके वालों का आरोप है कि विवाह के एक महीने तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन उसके बाद से दहेज के लिए पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था। दूसरी ओर ससुराल वालों का कहना है कि बुधवार की दोपहर विवाहिता ने आत्महत्या का प्रयास किया।
इसके बाद आनन-फानन पहले स्थानीय स्तर पर उसका इलाज करवाया, लेकिन जब उसकी स्थिति बिगड़ने लगी, तो उसे गंभीर हालत में पटना के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मायके वाले सरैया थाना पहुंचे और थानेदार को पूरी घटना की जानकारी देकर दहेज के लिए हत्या की आशंका जताई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर सरैया पुलिस कैंप कर रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पर्दाफाश हो सकेगा। मृतका के स्वजन की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर उत्तरी पंचायत स्थित कोन्ही टोला की घटना
- मायके वालों ने दहेज के लिए मार डालने का लगाया आरोप
- पुलिस ने पहुंचकर रोकवाया अंतिम संस्कार
- मौका देख पति समेत ससुराल के सभी सदस्य फरार
