मुजफ्फरपुर में महिला सिपाही भी नहीं सुरक्षित, ड्यूटी से लौटते वक्त छेड़खानी, गला दबाकर हत्या की कोशिश
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में ड्यूटी से लौट रही एक महिला सिपाही से छेड़खानी, मारपीट और गला दबाकर हत्या का प्रयास ...और पढ़ें

इसमें AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, साहेबगंज (मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही एक महिला सिपाही को बदमाशों ने सुनसान रास्ते में घेर लिया। उसके साथ छेड़खानी, मारपीट और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया।
इतना ही नहीं बेहोश होने के बाद उसका मोबाइल फोन और नकद रुपये भी लूट लिए गए। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी आरोपितों ने अभद्रता की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
साहेबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात ड्यूटी से घर लौट रही महिला सिपाही को प्रतापपट्टी ब्रह्मस्थान रोड पर बदमाशों ने घेर लिया। आरोपितों ने पहले उसके साथ छेड़खानी की, फिर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। महिला सिपाही के विरोध करने पर बदमाशों ने उसका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया।
बेहोश होने के बाद मोबाइल और नकदी लूटी
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गला दबाने से वह बेहोश हो गई थीं। इसी दौरान बदमाश उनका मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपित वहां से भाग चुके थे।
सहकर्मियों के साथ भी की अभद्रता
घटना की जानकारी मिलने पर महिला सिपाही के सहकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी आक्रोश देखा गया।
छह नामजद, तीन गिरफ्तार
महिला सिपाही के आवेदन पर साहेबगंज थाने में छह नामजद और पांच-छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित चंदन कुमार, किशन कुमार और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी
जांच अधिकारी एसआई प्रभु मांझी ने बताया कि फरार नामजद आरोपित अमित कुमार, नवदीप कुमार और गोलू कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य बदमाशों की भी जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
