मुजफ्फरपुर में तीसरी बार दूल्हा बनने से पहले उठी अर्थी, बैंड-बाजा बुक, बरात की तैयारी पूरी
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में रंजीत भगत (45) की तीसरी शादी से पहले बाजार में पूजा का सामान खरीदते समय अचानक सीने में दर्द उठने से मौत हो गई। उनकी पहली दो श ...और पढ़ें

केरमा गांव निवासी रंजीत भगत की फाइल फोटो।
HighLights
तीसरी शादी से पहले दूल्हे की अचानक मौत।
पूजा का सामान खरीदते समय सीने में दर्द।
हार्ट अटैक की आशंका, परिवार में शोक।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर) । कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत केरमा गांव में तीसरी शादी की तैयारियों में जुटे दूल्हे की मौत हो गई। पूजा के लिए सामान खरीदने के दौरान बाजार में उनके सीने में अचानक दर्द उठा और वह गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुके थे। चर्चा है कि हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
ग्रामीणों ने बताया कि केरमा गांव निवासी रंजीत भगत (45 वर्ष) वैशाली जिले के एक अनुदानित डिग्री कालेज में शिक्षणेतर कर्मी थे। उनकी पहली शादी समस्तीपुर जिले में हुई थी।
शादी के कुछ दिनों बाद उनकी पत्नी को शिक्षिका की नौकरी लग गई। इसके बाद शिक्षिका ने स्वेच्छा से अलग जीवन जीने का निर्णय लिया और बाद में कहीं अन्यत्र विवाह कर लिया।
इसके कुछ वर्षों बाद शुभचिंतकों के प्रयास से उनकी दूसरी शादी वैशाली जिले के एक शिक्षित परिवार की युवती से हुई, लेकिन किसी कारणवश दूसरी पत्नी ने भी कुछ ही दिनों बाद उनके साथ रहने से इन्कार कर दिया।
लंबे समय तक अकेले जीवन गुजार रहे रंजीत ने बढ़ती उम्र और संतान सुख की इच्छा को लेकर तीसरी शादी का निर्णय लिया था। संयुक्त परिवार में रहने वाले रंजीत भगत के दोनों भाइयों मनोज कुमार और विकास कुमार की शादी हो चुकी है। परिवार में किसी प्रकार की कमी नहीं थी।
स्वजन के मुताबिक वे इस शादी के लिए बेहद उत्साहित थे। 13 मई को कांटी थाना क्षेत्र के डेराचक गांव में उनकी शादी तय थी। उन्होंने 42 हजार रुपये में बैंड-बाजा, दर्जनभर गाड़ियों की व्यवस्था और 11 हजार रुपये में लग्जरी कार सजाने के लिए बुकिंग कर रखी थी।
उनके घर में पिछले तीन दिनों से मंगल गीत बज रहे थे। शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। इसी क्रम में सत्यनारायण भगवान की पूजा के लिए सामग्री लाने वह रविवार को केरमा बाजार गए थे। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार बड़े भाई मनोज कुमार के पुत्र ने मुखाग्नि देकर किया।
खबरें और भी
रंजीत के वृद्ध पिता ने बताया कि बेटे ने शादी की हर तैयारी स्वयं की थी और वह बेहद खुश था। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार शोकाकुल है। उधर मौत की खबर मिलने के बाद लड़की पक्ष में भी शोक का माहौल है। उनके निधन पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पासवान, स्थानीय सनत कुमार समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
- तीसरी शादी की तैयारी में जुटे दूल्हे की मौत, पसरा मातम
- कुढ़नी का मामला, शिक्षिका बनने के बाद पहली पत्नी ने छोड़ा
- दूसरी ने भी साथ रहने से कर दिया था इन्कार
- बुधवार को जानी थी बरात, सीने में उठा दर्द
- हार्ट अटैक की चर्चा, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि