विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में स्कूल के कार्यालय शुद्धीकरण का वीडियो वायरल, हेडमास्टर निलंबित

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:51 PM (IST)

School Purification Viral Video: मुजफ्फरपुर में स्कूल कार्यालय के शुद्धीकरण का वीडियो वायरल होने के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश ...और पढ़ें

HighLights

  1. प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश कार्यालय शुद्धीकरण वीडियो वायरल।

  2. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।

  3. सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन, विभागीय जांच जारी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Headmaster Suspended: मुरौल प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत शिवनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक कार्यालय के कथित शुद्धीकरण का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा एक्शन लिया है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश अपने कार्यालय कक्ष का शुद्धीकरण करते साफ देखे जा सकते हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविन्द सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार 4 सितंबर को यह वीडियो क्लिप आधिकारिक रूप से विभाग के संज्ञान में आया था। इसके तुरंत बाद संबंधित प्रभारी प्रधानाध्यापक से पूरे प्रकरण को लेकर लिखित स्पष्टीकरण की मांग की गई थी।

शिक्षा विभाग ने प्रथम दृष्टया इसे सरकारी सेवक के निर्धारित आचरण और कर्तव्य निर्वहन के विरुद्ध एक अत्यंत गंभीर मामला माना है।

लगे गंभीर आरोप

डीईओ ने स्पष्ट किया कि प्रधानाध्यापक का यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है।

इससे विद्यालय के शैक्षणिक माहौल पर भी बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। साथ ही इसे सरकारी सेवक आचार नियमावली के सुस्पष्ट प्रावधानों का खुला उल्लंघन करार दिया गया है।

विभागीय जांच शुरू

इन्हीं गंभीर आरोपों के आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ज्ञान प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इस चौंकाने वाली घटना के बाद से पूरे शिक्षा महकमे और स्थानीय इलाके में यह मामला चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना आचरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।