मुजफ्फरपुर में अगरबत्ती से महकेगी समृद्धि, महवल में लेदर उद्योग खोलेगा खुशहाली के द्वार
Bihar Industrial Promotion Scheme: मुजफ्फरपुर में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दो नई बड़ी इकाइयां स्थापित की जा ...और पढ़ें

जिले में नए उद्योगों के विकास और निवेश को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।
HighLights
महवल में लेदर बैग और बेल्ट फैक्ट्री स्थापित होगी।
बेला में अगरबत्ती निर्माण इकाई को मंजूरी मिली।
मुजफ्फरपुर में 33 नई औद्योगिक इकाइयाँ स्वीकृत।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Industrial Development Bihar: जिले में औद्योगिक गतिविधियों को पंख लगाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में दो नई बड़ी इकाइयों की स्थापना को मंजूरी मिल गई है।
महवल औद्योगिक क्षेत्र में लेदर बैग और बेल्ट बनाने की अत्याधुनिक फैक्ट्री लगाई जाएगी, जबकि बेला औद्योगिक क्षेत्र में अगरबत्ती निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इससे जिले में नए उद्योगों के विकास और निवेश को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।
डीईवी हैंडीक्राफ्ट्स और दीपव्रत प्रोडक्ट्स को मंजूरी
उद्योग विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मेसर्स डीईवी हैंडीक्राफ्ट्स द्वारा महवल में लेदर बैग और बेल्ट का निर्माण किया जाएगा। वहीं, मेसर्स दीपव्रत प्रोडक्ट्स बेला औद्योगिक क्षेत्र में अगरबत्ती निर्माण इकाई स्थापित करेगी।
महवल में तेजी से विकसित हो रहे मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क में चमड़ा उद्योग से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
33 नई इकाइयों को स्वीकृति
मुजफ्फरपुर जिले में अन्य औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया भी काफी तेजी से चल रही है। स्पेशल पर्पज कंटेनर बरियारपुर में, टेस्टेगो फूड्स एंड बेवरेजेज बिस्किट निर्माण के लिए और आशीर्वाद पॉलिमर्स पीवीसी पाइप निर्माण के लिए अपनी-अपनी इकाइयां स्थापित कर रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, मार्च से सितंबर तक जिले में कुल 33 औद्योगिक इकाइयों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।
तेजी से बढ़ रहा औद्योगिक दायरा
गौरतलब है कि हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महवल में लेदर क्लस्टर का उद्घाटन किया था, जिसके बाद से क्षेत्र में औद्योगिक विस्तार का काम गति पकड़ चुका है।
इसके अलावा मोतीपुर में भी औद्योगिक विकास का कार्य तेजी से जारी है और बेला औद्योगिक क्षेत्र में पहले से ही कई निर्माण इकाइयां सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
राज्य सरकार बिहार में 'पानी और जवानी' के बल पर औद्योगिक समृद्धि और रोजगार सृजन पर लगातार जोर दे रही है।
मुजफ्फरपुर में इन जगहों पर विकसित हो रहीं औद्योगिक इकाइयां
मुख्य रूप से चार बड़े क्षेत्रों को औद्योगिक क्लस्टर और पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है:
महवल (मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज पार्क):
- विशेषता: यहां विशाल लेदर क्लस्टर विकसित किया गया है।
- प्रमुख उद्योग: हाल ही में यहां लेदर बैग और बेल्ट निर्माण इकाई (मेसर्स डीईवी हैंडीक्राफ्ट्स) को मंजूरी मिली है। इसके अलावा कई गारमेंट और फुटवियर निर्माण इकाइयां यहां कार्यरत हैं।
बेला औद्योगिक क्षेत्र (Bela Industrial Area):
- विशेषता: यह मुजफ्फरपुर का पुराना और सबसे प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां लगातार विस्तार हो रहा है।
- प्रमुख उद्योग: यहां रेडीमेड गारमेंट्स (टेक्सटाइल हब), बेला प्लग एंड प्ले शेड, और हाल ही में स्वीकृत अगरबत्ती निर्माण इकाई (मेसर्स दीपव्रत प्रोडक्ट्स) स्थापित की जा रही है। इसके अलावा यहाँ कई खाद्य प्रसंस्करण (Food Processing) और विनिर्माण इकाइयां पहले से संचालित हैं।
मोतीपुर (Motipur Industrial Area):
- विशेषता: मोतीपुर को बड़े उद्योगों और एथेनॉल/फूड पार्क के रूप में तेजी से विकसित किया जा रहा है।
- प्रमुख उद्योग: यहां विशाल एथेनॉल प्लांट स्थापित किया गया है। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग पार्क) और पैकेजिंग उद्योगों के लिए जमीन आवंटित की गई है।
बरियारपुर एवं आसपास के नए क्षेत्र:
प्रमुख उद्योग: बरियारपुर में स्पेशल पर्पज कंटेनर निर्माण इकाई, टेस्टेगो फूड्स एंड बेवरेजेज (बिस्किट निर्माण) और आशीर्वाद पॉलिमर्स (पीवीसी पाइप निर्माण) जैसी नई इकाइयों की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।