विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में बकरी के खेत में जाने पर संघर्ष, विवाद में युवक की चाकू गोदकर हत्या

Published: Mon, 21 Sep 2026 02:12 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में बकरी के खेत में चले जाने को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय संतोष ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. बकरी खेत में जाने पर विवाद में हुई हत्या।

  2. संतोष कुमार साह को चाकू से कई बार गोदा गया।

  3. आरोपी शुभम और सन्नी घटना के बाद फरार।

संवाद सहयोगी, कांटी। थाना क्षेत्र के छपरा धर्मपुर यदु में रविवार की रात बकरी खेत में चले जाने के विवाद में लखिन्द्र साह उर्फ लागड़ के पुत्र संतोष कुमार साह ( 40) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। युवक के शरीर पर करीब एक दर्जन जगहों पर चाकू से वार किए गए हैं। घटना के बाद आरोपित शुभम तथा सन्नी कुमार स्वजन के साथ फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की।

बताया गया कि शाम में संतोष की बकरी पड़ोसी अरुण साह के खेत में चली गई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अरुण साह का पुत्र शुभम और सन्नी मौके पर पहुंचा और गाली-गलौच कर मारपीट करने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों ने संतोष के सीने में चाकू से अचानक हमला बोल दिया।

दोनों ने मिलकर कई जगहों पर चाकू से वार किया। गंभीर रूप से जख्मी संतोष मौके पर गिरकर छटपटाने लगा। स्वजन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्वजन स्थानीय लोगों की मदद से संतोष को आनन फानन में एसकेएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार चौरसिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। अपर थानेदार ने बताया कि खेत की मेड़ पर बकरी के चले जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी की जा रही है।

संतोष राजमिस्त्री का काम करता था और इसके चार छोटे छोटे बच्चे है, जिसमें दो पुत्र और दो पुत्री शामिल हैं। घटना के बाद गांव मे मातम का माहौल है, वही स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढाढस देकर शांत करा रहे थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।