विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारायणपुर अनंत बनेगा उत्तर बिहार का प्रमुख लॉजिस्टिक हब, रेल नेटवर्क से जुड़ेगा व्यापार

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:32 PM (IST)

Narayanpur Anant Logistic Hub: उत्तर बिहार के उद्योग और व्यापार को मजबूती देने के लिए नारायणपुर अनंत एक बड़ा लॉजिस्टिक ...और पढ़ें

नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन

नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Narayanpur Anant Logistic Hub: उत्तर बिहार के उद्योग और व्यापार को रेलवे नेटवर्क से मजबूती से जोड़ने के लिए नारायणपुर अनंत एक बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने यहां आधुनिक लॉजिस्टिक हब और वर्ल्ड क्लास टर्मिनल विकसित करने की योजना पर तेजी से कदम आगे बढ़ा दिया है।

इस परियोजना के धरातल पर उतरने से सैकड़ों स्थानीय औद्योगिक इकाइयों को माल ढुलाई के लिए सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।

डीआरएम ने किया पैदल निरीक्षण

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा विशेष निरीक्षण यान 'चेतक' से सोमवार सुबह नारायणपुर अनंत स्टेशन पहुंचे। उनके साथ एडीआरएम, सीनियर डीओएम, डीसीएम, सीनियर डीईएन को-ऑर्डिनेशन सहित सिग्नल व बिजली विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों की पूरी टीम ने स्टेशन और मालगोदाम परिसर का पैदल निरीक्षण कर उपलब्ध जमीन व विस्तार की संभावनाओं को परखा।

गंदगी पर भड़के अधिकारी

निरीक्षण के दौरान मालगोदाम में फैली भारी गंदगी देखकर डीआरएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने रेल कर्मियों और व्यापारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए परिसर की सफाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

चेतावनी दी गई कि गंदगी फैलाने वाले व्यवसायियों को चिह्नित कर उनके लोडिंग-अनलोडिंग कार्य पर रोक लगाने की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिलौत में स्टेबलिंग लाइन

भविष्य में यात्री व मालगाड़ियों के सुचारू संचालन के लिए पास के सिलौत स्टेशन पर चार नई स्टेबलिंग लाइन बनाने की योजना है।

इन अतिरिक्त लाइनों पर ट्रेनों को खड़ा रखने के साथ-साथ उनके नियमित मेंटेनेंस का काम भी आसानी से किया जा सकेगा। इससे नारायणपुर अनंत को एक पूर्ण विकसित टर्मिनल स्टेशन के रूप में स्थापित करने में बड़ी मदद मिलेगी।

उद्यमियों संग होगी बैठक

डीआरएम ने जिला प्रशासन, उद्योग केंद्र, बियाडा और चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ 15 दिनों के भीतर संयुक्त बैठक करने का निर्देश दिया।

बैठक में व्यापारियों से आवश्यक लॉजिस्टिक सुविधाओं और रेल से माल परिवहन बढ़ाने के सुझाव लिए जाएंगे। डैमेज चार्ज (डीसी) के कारण ट्रकों की ओर रुख करने वाले उद्यमियों की समस्याओं का भी समाधान खोजा जाएगा।

जंक्शन का दबाव घटेगा

नारायणपुर अनंत के लॉजिस्टिक हब के रूप में सक्रिय होने से मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्री और मालगाड़ियों का ट्रैफिक दबाव काफी कम हो जाएगा।

इससे स्थानीय उद्यमियों को माल परिवहन का सुगम व सस्ता विकल्प मिलेगा। परिणामस्वरूप उत्तर बिहार के व्यापारिक और औद्योगिक परिदृश्य को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।