मुजफ्फरपुर में पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मुजफ्फरपुर में छात्रों और युवाओं ने नीट पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत् ...और पढ़ें
HighLights
नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग।
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। NEET Paper Leak Protest: नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को छात्र-युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक पर सख्त रोक लगाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
कल्याणी चौक से निकला मार्च
छात्रों का प्रदर्शन कल्याणी चौक से शुरू हुआ। हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर छात्र जुलूस की शक्ल में हरिसभा चौक होते हुए जुब्बा सहनी पार्क पहुंचे।
पूरे रास्ते प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पूरे मार्ग पर मुस्तैद रही।
पेपर लीक पर जताया आक्रोश
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है।
छात्रों ने मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।
छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करती हैं।