मुजफ्फरपुर में नीट प्रदर्शन: आपत्तिजनक टिप्पणी पर युवती व 9 ब्लॉगरों पर कार्रवाई, छापेमारी तेज
NEET Paper Leak Protest: नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली युवती और अज्ञात लोगों पर मुजफ्फरपुर में F ...और पढ़ें

वायरल वीडियो के आधार पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फाइल फोटो
HighLights
नीट प्रदर्शन में आपत्तिजनक टिप्पणी पर FIR दर्ज।
वायरल वीडियो के आधार पर युवती पर कार्रवाई।
नौ ब्लॉगर और यूट्यूबर पुलिस के रडार पर।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। NEET Paper Leak Protest: नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान मंत्री समेत अन्य के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वायरल वीडियो पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर एक युवती का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें वह मंत्री समेत अन्य लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती दिखाई दे रही है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस मामले में युवती समेत कई अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
नौ ब्लॉगर भी रडार पर
प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ के बाद इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान नौ ब्लॉगर और यूट्यूबर को चिह्नित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इन सभी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और पोस्ट को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
उपद्रवियों की तलाश तेज
इधर, प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर समेत शहर के विभिन्न इलाकों में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सोमवार को कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
खबरें और भी
नगर थाना में इस मामले में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस का दावा है कि आधा दर्जन से अधिक उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
आठ आरोपितों पर इनाम
पुलिस ने पहले ही आठ आरोपितों की तस्वीर जारी कर उन पर इनाम की घोषणा की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को भी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। वरीय पुलिस अधिकारी पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया था।