विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब रात में ट्रेन से मुजफ्फरपुर पहुंचने वालों को राहत, पुलिस मुफ्त बस से घर तक पहुंचाएगी

Published: Thu, 15 Oct 2026 04:04 PM (IST)

मुजफ्फरपुर पुलिस ने पर्व-त्योहारों के दौरान देर रात जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू की है। ...और पढ़ें

निशुल्क बस सेवा को हरी झंडी दिखा रवाना किया गया: जागरण

निशुल्क बस सेवा को हरी झंडी दिखा रवाना किया गया: जागरण

संवाद सहयोगी, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। पर्व-त्योहार में देर रात ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों को अब घर जाने के लिए वाहन की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा।

रेलवे स्टेशन पर उतरते ही पुलिस की निशुल्क बस सेवा उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में मदद करेगी। दुर्गा पूजा के अवसर पर शुरू की गई यह पहल दीपावली और छठ पूजा तक जारी रहेगी। इससे दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले यात्रियों, खासकर रात में अकेले सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बुधवार की रात हरी झंडी दिखाकर निशुल्क बस सेवा की शुरुआत की। यह बस रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक संचालित होगी।

बस मुजफ्फरपुर जंक्शन से यात्रियों को लेकर बैरिया बस स्टैंड होते हुए निर्धारित रूटों पर चलेगी। इसके बाद यात्रियों को निर्धारित मार्गों से वापस जंक्शन तक पहुंचाने की व्यवस्था भी रहेगी।

दो रूटों पर मिलेगी बस की सुविधा

पुलिस की ओर से दो अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पहले रूट में चांदनी चौक, जीरोमाइल, कांटी, मोतीपुर, बरुराज, साहेबगंज और सरैया होते हुए बस जंक्शन लौटेगी। इस मार्ग से शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

दूसरे रूट में माड़ीपुर, गोबरसही, रामदयालु, अघोरिया बाजार, भगवानपुर, कच्ची-पक्की और मझौलिया होते हुए बस जंक्शन पहुंचेगी। इससे शहर के विभिन्न इलाकों में जाने वाले यात्रियों को रात में सुरक्षित आवागमन का विकल्प मिलेगा।

दो चरणों में चलेगी सेवा

एसएसपी ने बताया कि बस सेवा दो चरणों में संचालित की जाएगी। पहले चरण में दशहरा तक और दूसरे चरण में दीपावली से छठ पूजा तक यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। सेवा का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों से फीडबैक भी लिया जाएगा। उनके सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं और पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

त्योहार में बाहर से आने वालों को राहत

दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान दूसरे शहरों और राज्यों से बड़ी संख्या में लोग मुजफ्फरपुर पहुंचते हैं। देर रात ट्रेन से उतरने के बाद वाहन नहीं मिलने पर उन्हें घर पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में पुलिस की निशुल्क बस सेवा यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में रात में इस रास्ते से गुजरने वाले ध्यान दें, चार दिनों तक बंद रहेगी रेलवे गुमटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।