मुजफ्फरपुर की सड़कों पर खर्च होंगे डेढ़ अरब रुपये, सिलिका इंफ्रा 7 साल तक करेगी मरम्मत
Road Maintenance Policy Bihar: मुजफ्फरपुर शहर और आसपास की जर्जर सड़कों का 1.46 अरब रुपये से जीर्णोद्धार होगा। सिलिका इंफ्रा ...और पढ़ें

चार एजेंसियों के बीच खुली वित्तीय बोली में सिलिका इंफ्रा ने सबसे कम दर प्रस्तुत कर यह टेंडर हासिल किया। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Road Renovation: शहर और आसपास की जर्जर सड़कों की सूरत अब 1 अरब 46 करोड़ 32 लाख रुपये से बदलेगी।
पथ निर्माण विभाग ने टेंडर की वित्तीय बीड फाइनल करते हुए सिलिका इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंप दी है। तकनीकी बीड में सफल रही चार एजेंसियों के बीच खुली वित्तीय बोली में सिलिका इंफ्रा ने सबसे कम दर प्रस्तुत कर यह टेंडर हासिल किया।
चार एजेंसियां थीं दौड़ में
इस प्रक्रिया में एमएस आदर्श कंस्ट्रक्शन, रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन और एमएस वेलिजी रत्ना सोरथिया इंफ्रा असफल रहीं। वेलिजी रत्ना सोरथिया ने प्राक्कलित राशि से करीब 14 प्रतिशत अधिक की बोली लगाई थी, जिसके चलते उन्हें तकनीकी आधार पर बाहर कर दिया गया।
न्यूनतम दर देने वाली सिलिका इंफ्रा को चयनित करने के बाद विभाग ने आदेश जारी कर स्थानीय अभियंताओं को अवगत करा दिया है।
सात साल तक जिम्मा
कार्यपालक व अधीक्षण अभियंता ई. अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि एजेंसी को सूची में शामिल सड़कों के जीर्णोद्धार के साथ 84 माह यानी सात वर्षों तक नियमित मरम्मत और देखरेख करनी होगी।
नई नीति के तहत अनुरक्षण अवधि को पूर्व के पांच वर्षों से बढ़ाकर अब सात वर्ष तय किया गया है। विभाग जल्द ही चयनित एजेंसी को कार्य आदेश निर्गत कर धरातल पर काम शुरू कराएगा।
प्रमुख शहरी मार्गों का चयन
पुनरुद्धार के लिए शहर की कई बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़कों को कार्ययोजना में शामिल किया गया है। इनमें काजीइंडा-महुआ रोड, मुजफ्फरपुर-पूसा रोड, माड़ीपुर पावर हाउस चौक से गोबरसही डुमरी, सकरी रोड और तुर्की-पक्की सराय से कच्ची पक्की रोड प्रमुख हैं।
इसके साथ ही सरैयागंज टावर से लेप्रोसी मिशन वाया छोटी कल्याणी, हाथी चौक और लक्ष्मी चौक से दादर मार्ग का भी कायाकल्प होगा।
ग्रामीण व स्टेट हाईवे शामिल
योजना के तहत वैशाली-साहेबगंज, सरैया-मोतीपुर, मोतीपुर-साहेबगंज, माड़ीपुर से डीएम आवास और पुराना मोतिहारी रोड का भी सुधार किया जाएगा।
इसके अलावा बखरा-वैशाली रोड, मुजफ्फरपुर-देवरिया सड़क, खबरा-लदौरा रोड, चांदनी चौक से बखरी चौक वाया जीरोमाइल और बटलर से दिघरा वाया अघोरिया बाजार-मिठनपुरा सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
सूची में मिठनपुरा चौक से गोशाला रोड, झपहां-मीनापुर रोड और मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी स्टेट हाईवे भी शामिल हैं।
