कुढ़नी में दुकानदार से 10 हजार की रंगदारी मांगी, विरोध करने पर चाकू और फाइटर से सिर फोड़ा
कुढ़नी के सुमेरा चौक पर एक दुकानदार और उसके भाई पर रंगदारी मांगने और विरोध करने पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
दुकानदार से 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई।
विरोध करने पर चाकू और फाइटर से हमला हुआ।
हमलावरों ने दुकान के गल्ले से 60 हजार रुपये लूटे।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी। तुर्की थाना क्षेत्र के बड़ा सुमेरा गांव स्थित सुमेरा चौक पर एक दुकानदार से रंगदारी मांगने और नहीं देने पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने धारदार हथियार और फाइटर से हमला कर दुकानदार और उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही गल्ले से 60 हजार रुपये भी लूट लिए।
पीड़ित मो. नौलाख (पिता- मो. सिराज), निवासी बड़ा सुमेरा ने तुर्की थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनकी सुमेरा चौक पर न्यू फैन्सी इलेक्ट्रिक की दुकान है। बिते 17 अप्रैल 2026 को गांव के ही मो. अदनान उर्फ सोनू ने उनकी दुकान से 1750 रुपये का सामान उधार लिया था।
10 हजार रुपये रंगदारी की मांग करने लगा
जब 19 अप्रैल की शाम करीब 7:15 बजे वह पैसे देने के बजाय अपने साथियों में मो. नफीस,मो.रसीम,मो.रुस्तम व तीन-चार अज्ञात युवकों के साथ दुकान पर पहुंचा तो 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग करने लगा। पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
बचाने आए उनके भाई मो.आलम पर भी फाइटर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस दौरान आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए और आसपास के लोगों के जुटने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
खबरें और भी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पीड़ित के सिर में छह टांके लगे हैं और दोनों का सीटी स्कैन कराया गया है। पीड़ित ने इलाज संबंधी कागजात के साथ थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।