स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में मुजफ्फरपुर का शानदार प्रदर्शन, 28वें स्थान पर पहुंचा शहर
मुजफ्फरपुर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में 42 शहरों में 28वां स्थान हासिल कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। सघन ...और पढ़ें

शहर ने 200 कुल अंकों में से 163.1 अंक हासिल कर पिछले साल के मुकाबले अपनी रैंकिंग में दो स्थानों का सुधार दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Air Quality Ranking: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के नतीजों में मुजफ्फरपुर ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
तीन से दस लाख की आबादी वाले देश भर के 42 शहरों की श्रेणी में मुजफ्फरपुर को 28वां स्थान प्राप्त हुआ है। शहर ने 200 कुल अंकों में से 163.1 अंक हासिल कर पिछले साल के मुकाबले अपनी रैंकिंग में दो स्थानों का सुधार दर्ज किया है।
पिछले वर्षों का रिपोर्ट कार्ड
विगत वर्षों के परिणामों पर नजर डालें तो मुजफ्फरपुर वर्ष 2023 में 133 अंकों के साथ 29वें पायदान पर रहा था। इसके बाद वर्ष 2024 में 147.4 अंक लेकर शहर 34वें स्थान पर फिसल गया था। वहीं वर्ष 2025 में 160.6 अंक प्राप्त कर शहर 30वें स्थान पर था, जिससे आगे बढ़ते हुए इस बार बेहतर प्रदर्शन दर्ज हुआ है।
आठ मानकों पर मूल्यांकन
केंद्र सरकार नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत आने वाले 130 प्रमुख शहरों के बीच यह वार्षिक सर्वेक्षण कराती है। इसके तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क की धूल पर नियंत्रण, निर्माण कार्यों के दौरान बचाव और वाहनों व उद्योगों के धुएं के निस्तारण जैसे आठ कड़े मानक तय किए जाते हैं। प्रतिवर्ष सात सितंबर को इंटरनेशनल क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काई डे के अवसर पर इन नतीजों की आधिकारिक घोषणा की जाती है।
सुधार के प्रमुख कारण
उप नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि यह प्रगति सघन पौधरोपण, बेहतर कचरा प्रबंधन और सड़कों पर नियमित जल छिड़काव के कारण संभव हुई है। निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट का अनिवार्य उपयोग कराने और बालू-मिट्टी की ढंकी हुई ढुलाई सुनिश्चित करने से धूल प्रदूषण में काफी कमी आई है। इसके साथ ही अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों की नियमित जांच व चालान और रौतनिया डंपिंग यार्ड में वैज्ञानिक कचरा निस्तारण से सकारात्मक नतीजे मिले हैं।
टॉप 10 का लक्ष्य
महापौर निर्मला देवी ने कहा कि वर्ष 2027 की आगामी रैंकिंग में शहर को देश के शीर्ष 10 शहरों में शामिल कराने का स्पष्ट लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों और सभी वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर विशेष कार्ययोजना और निगरानी टीमें गठित की जाएंगी। शहर में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के सभी दिशा-निर्देशों को धरातल पर पूरी तत्परता के साथ लागू कराया जाएगा।
