ट्रेनों में टिकट नहीं, मुजफ्फरपुर से दिल्ली-यूपी के लिए निगम की बसें भी बंद, आखिर दीपावली-छठ में कैसे लौटेंगे लोग
Muzaffarpur to Delhi Bus Service : अनुदान समाप्त होने के कारण दीपावली और छठ पर मुजफ्फरपुर से अनुबंधित बसें नहीं ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवादाता, मुजफ्फरपुर। Bihar State Road Transport Corporation : पथ परिवहन निगम की अनुबंधित बसें इस वर्ष दीपावली व छठ में नहीं चल सकेंगी। यह इसलिए कि अनुबंधित बसों के लिए अनुदान खत्म हो गया है। इससे निगम की बसों से त्योहार में घर आने की उम्मीद लगाए लोगों को झटका लगा है।
मुजफ्फरपुर से दिल्ली, यूपी, समेत कई राज्यों के लिए पथ परिवहन निगम की बसों का परिचालन नहीं होगा। हालांकि, विभाग की ओर से टेंडर निकाला गया है।
अब तक किसी निजी बस संचालक ने इसमें रुचि नहीं दिखाई है। निजी बस संचालकों की रुचि नहीं लेने की बड़ी वजह सरकार की ओर से अनुदान को बंद करना बताया जा रहा है।
पिछले वर्ष निगम के अधीन इंटर स्टेट बस परिचालन पर सरकार की ओर से अनदुान दिया गया था। इसे इस वर्ष खत्म कर दिया गया है। अनुदान मिलने से बस संचालकों को आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिलती थी। पिछले वर्ष मुजफ्फरपुर समेत कई राज्यों के लिए करीब 40 एसी स्लीपर बसों का परिचालन हुआ था। इससे ट्रेन में टिकट नहीं मिलने वाले लोगों को घर वापसी में सुविधा हुई थी।
निगम के पास लंबी दूरी के लिए नहीं है एसी व स्लीपर बसें
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम पर्व में दिल्ली समेत अन्य राज्यों के लिए बस का परिचालन करना चाहता है, लेकिन इसके पास लंबी दूरी के लिए एसी व स्लीपर बस नहीं हैं।
डिलक्स बस में यात्री लंबी दूरी का सफर करना पसंद नहीं करते। निगम का पेट्रोल खर्च भी निकलना मुश्किल होता है। ऐसे में निगम इंटर स्टेट बस परिचालन करने का रिस्क नहीं लेना चाहता।
निजी बस संचालकों की चांदी, वसूल रहे मनमाना किराया
दीपावली व छठ के दौरान ट्रेन में टिकट नहीं मिलने से निराश लोग निजी बसों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में निजी बस संचालकों की चांदी है। लोगों की मजबूरी का फायदा उठा कर अधिकतर मनमाना किराया वसूल रहे है।
बैरिया व एनएच 28 पर दरभंगा मोड़ के पास हर दिन करीब एक दर्जन बसों से लोग आ रहे हैं। हालांकि अभी इन बसों में भी मारामारी की नौबत नहीं है। काफी संख्या में लोगों ने आनलाइन बुकिंग करा रखी है। कई बस संचालकों की ओर से क्षमता से अधिक बुकिंग करने का भी मामला सामने आ रहा है।
इंटर स्टेट बस परिचालन को लेकर मुख्यालय स्तर से टेंडर निकाला गया है। इस संबंध में कोई भी निर्णय मुख्यालय से ही लिया जाता है। निर्देशानुसार ही बसों का परिचालन होगा।
विवेकानंद मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में कानून तोड़ने वालों की मौज, ड्राइविंग लाइसेंस पर कार्रवाई अटकी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।