विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में बाइक लूटने आए थे चार बदमाश, ग्रामीणों को देखते ही तीन भागे, एक को पकड़कर पोल से बांधा

Published: Fri, 14 Aug 2026 02:32 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में बाइक लूटने आए चार बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे ...और पढ़ें

कुढ़नी में ग्रामीणों ने बदमाश को पकड़कर पोल में बांधा।

कुढ़नी में ग्रामीणों ने बदमाश को पकड़कर पोल में बांधा।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में बाइक लूटने आए थे चार बदमाश।

  2. ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़कर पोल से बांधा।

  3. पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ शुरू की।

संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। रात के अंधेरे में बाइक लूटने का प्रयास कर रहे बदमाशों की योजना उस समय फेल हो गई, जब बाइक सवार के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने एक आरोपित को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को बिजली के पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रात में बाइक सवार पर हमला

घटना गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे तुर्की थाना क्षेत्र के लदौरा चौक के पास की है। बताया जाता है कि चार बदमाशों ने एक बाइक सवार को रोककर हमला किया और बाइक लूटने का प्रयास किया। बाइक सवार ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर जुटे ग्रामीण

बाइक सवार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आते देख तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वहीं एक युवक ग्रामीणों के हाथ लग गया। लोगों ने उसे पकड़ लिया और बिजली के पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस के हवाले किया

घटना की जानकारी तुर्की थानाध्यक्ष सेंटू कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस पूछताछ के माध्यम से उसके साथियों और घटना में उसकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

बदल-बदलकर बता रहा नाम

स्थानीय लोगों के अनुसार पकड़ा गया युवक अपना नाम बार-बार बदलकर बता रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक के पास से फिलहाल कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है बाइक लूट

स्थानीय लोगों ने बताया कि लदौड़ा पुल के आसपास पहले रात में चौकीदार की तैनाती की जाती थी। इससे लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगा था। लोगों के अनुसार कुछ समय पहले इसी इलाके में एक युवक को पिस्टल दिखाकर उसकी अपाचे बाइक लूट ली गई थी। उस घटना का अब तक सुराग नहीं मिला है।

तीन साथियों की तलाश

पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर फरार तीन अन्य आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।