यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर: साल खत्म होने से पहले टूट गया चार वर्षों का रिकॉर्ड, सबसे ठंडा दिन रहा शनिवार; जानिए कितना दर्ज हुआ तापमान
Muzaffarpur Weather मुजफ्फरपुर के मौसम ने चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तीन साल बाद अधिकतम तापमान सबसे कम रहा। मौसम विज्ञानी डॉ . सत्तार ने कहा क ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मौसम में बदलाव के बाद शनिवार की सुबह में कोहरे का प्रभाव दिखा। इसकी वजह से दृश्यता कम रही। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण कनकनी में बढ़ोतरी हुई। जिससे लोग परेशान रहे। इस बीच दिन के तापमान ने चार वर्ष के रिकार्ड को तोड़ दिया।
वरीय मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने बताया कि न्यूनतम तापमान यथावत रहने का अनुमान है। चक्रवाती परिसंचलन व पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के कारण ठंड का प्रभाव रहेगा। पछिया हवा चलेगी। इससे गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा। बेहतर कल्ला बनेंगे। कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। शीतलहर व बारिश की संभावना अभी नहीं बन रही है।
विगत तीन दिनों तक यह रही मौसम की चाल
वेधशाला पूसा के आकलन के अनुसार पिछले तीन दिनों का औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 25.5 एवं 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। औसत सापेक्ष आर्द्रता 98 प्रतिशत सुबह में एवं दोपहर में 66 प्रतिशत रही। औसत तापमान सुबह में 14.8 एवं दोपहर में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस अवधि में मौसम शुष्क रहा तथा सुबह में मध्यम से घना कुहासा देखा गया।
अगले पांच दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञानी डा. सत्तार ने कहा कि पूर्वानुमान की अवधि में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस अवधि में ठंड में हल्की वृद्धि की संभावना है।
खबरें और भी
सुबह में मध्यम से घना कुहासा छा सकता है। औसतन 2 से 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मुख्यत: पछुआ चलने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 45 प्रतिशत रहने की संभावना है।