विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में भांजी की शादी में आए मामा की हत्या, म्यूजिक संचालक समेत 4 गिरफ्तार 

Published: Sat, 27 Jun 2026 10:05 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मड़वन में भांजी की शादी में हुए युवक रंजीत सहनी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ...और पढ़ें

हत्याकांड की जानकारी देते पुलिसकर्मी। जागरण

हत्याकांड की जानकारी देते पुलिसकर्मी। जागरण

HighLights

  1. भांजी की शादी में युवक रंजीत सहनी की हत्या।

  2. म्यूजिक सिस्टम और खाने-पीने के विवाद में हुई हत्या।

  3. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद की।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मड़वन के भटौना गांव में गुरुवार की तड़के सुबह भांजी की शादी में पहुंचे युवक की गोली मारकर हत्या करने की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। घटना में शामिल म्यूजिक सिस्टम संचालक समेत चार को गिरफ्तार किया गया।

हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भटौना में मुशहरी तरौरा के रंजीत सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली उसकी कनपटी में सटाकर मारी गई थी। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हो गए थे।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। पुलिस ने मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया।

छानबीन के आधार पर म्यूजिक सिस्टम संचालक तुर्की के विक्की कुमार और पानापुर करियात के रामबाबू सहनी को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर करजा से धीरज कुमार उर्फ गोलू और नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ करने पर इन चारों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपितों ने बताया कि शादी की रात रंजीत से म्यूजिक सिस्टम बजाने और खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था।

इसी के बाद इन लोगों ने उसकी हत्या करने की साजिश रची। गुरुवार की तड़के सुबह जब रंजीत सोए हुए थे तो ये लोग मौके पर पहुंचे कनपटी में सटाकर गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।

मोबाइल बंद कर छुप गए थे आरोपी

ग्रामीण एसपी ने बताया कि घटना के बाद चारों आरोपित मोबाइल बंद कर छुप गए थे। मृतक के स्वजन समेत शादी में शामिल होने आए अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी ली गई।

इसी दौरान म्यूजिक सिस्टम संचालक से हुए विवाद की जानकारी मिली। जब उसके मोबाइल पर कॉल किया गया तो यह स्विच ऑफ मिला। इससे पुलिस का संदेह गहरा गया। पुलिस ने उसके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूरे घटना का उद्भेदन हो गया।