मुजफ्फरपुर में विवाहिता का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट से खुलेगा राज
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है, जहां पिता के आरोप के बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में घटना स्थल पर जुटी भीड़।
HighLights
मुजफ्फरपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला।
पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकाला गया।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। बिहार में मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला नया मोड़ ले चुका है। मृतका के पिता ने दामाद और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया।
इसके बाद मंगलवार को प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
2016 में हुई थी शादी, तीन बच्चों की मां थी मृतका
मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली निवासी पीर मोहम्मद ने बताया कि उनकी पुत्री नजराना खातून की शादी वर्ष 2016 में कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव निवासी मो. रिजवान (पिता- मो. मुश्ताक) से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं।
पिता का आरोप-गला दबाकर की गई हत्या
पीड़ित पिता का आरोप है कि उनका दामाद नशा और जुआ खेलने का आदी था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उनका कहना है कि दो जुलाई की रात उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को आनन-फानन में कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
समझौते के नाम पर कराया हस्ताक्षर
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दफनाने के समय सामाजिक दबाव और बच्चों के भविष्य का हवाला देकर उनसे समझौते के कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए गए। समझौते के तहत दोनों बेटियों के नाम 50-50 हजार रुपये तथा बेटे के नाम 25 हजार रुपये जमा कराने की बात कही गई थी। बाद में ससुराल पक्ष कथित तौर पर समझौते की शर्तों से पीछे हट गया और बातचीत भी बंद कर दी।
खबरें और भी
शिकायत के बाद कब्र से निकलवाया गया शव
इसके बाद छह जुलाई को मृतका के पिता ने कुढ़नी थाना में लिखित आवेदन देकर दामाद समेत अन्य ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कब्र से शव निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसडीपीओ (पश्चिमी-2) अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव कब्र से निकलवाया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।