विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ से कैलाश मानसरोवर यात्रा प्रभावित, रसुवा में 50 पर्यटकों से टूटा संपर्क

By Amrendra TiwariEdited By: Dharmendra Singh
Updated: Wed, 26 Aug 2026 04:00 PM (IST)

नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से व्यापक तबाही हुई है, जिसमें स्याफ्रुबेंसी समेत कई ...और पढ़ें

HighLights

  1. रसुवा में भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से तबाही।

  2. कैलाश मानसरोवर यात्रा के 50 पर्यटक संपर्कविहीन।

  3. बचाव अभियान के लिए 7 हेलीकॉप्टर, 35 कर्मी तैनात।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी।

स्याफ्रुबेंसी समेत कई बाजार और बस्तियां बाढ़ की चपेट में आ गईं। वेत्रावती और सोले बाजार के पूरी तरह बह जाने की सूचना है।

बाढ़ और भूस्खलन से सड़क, पुल, पुलिस चौकी और अन्य संरचनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रसुवा बॉर्डर पहुंचे 50 पर्यटकों के संपर्कविहीन होने से चिंता बढ़ गई है।

नुवाकोट के विदुर नगरपालिका स्थित उत्तरगया पब्लिक स्कूल के शिक्षक सोमलाल डंगोल ने बताया कि बाढ़ के बाद विद्यार्थियों को लेने गई स्कूल बस से संपर्क टूट गया है। उनके अनुसार, वेत्रावती और सोले बाजार पूरी तरह बह गए हैं। स्थानीय पुलिस चौकी भी बाढ़ में बहने की सूचना है और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

डंगोल ने बताया कि उनका अपना परिवार भी संपर्क में नहीं है। उन्होंने कहा कि भागने के दौरान उनके भाई महेश डंगोल का पैर टूट गया।

एक अन्य व्यक्ति की आंख में गंभीर चोट आई है, जबकि कई लोग पहाड़ी की चट्टानों पर फंसे हुए हैं। उन्होंने फंसे लोगों को निकालने के लिए तत्काल हेलीकाप्टर से बचाव अभियान चलाने की मांग की।

सात हेलीकाप्टर और 35 बचावकर्मी तैनात

वायुसेवा संचालक संघ के अध्यक्ष एवं कैलाश हेलीकाप्टर के संचालक प्रतापजंग पांडे के अनुसार, काठमांडू से सशस्त्र पुलिस बल के 35 बचावकर्मी रसुवा के लिए रवाना हुए हैं। राहत एवं बचाव अभियान के लिए सात हेलीकाप्टर तैनात किए जाने की तैयारी है।

अभियान को सुचारु बनाने के लिए एक पायलट को हेलीकाप्टर उड़ाने की अनुमति देने के लिए नियमों में भी अस्थायी छूट दी गई है। मानसून के दौरान सामान्य तौर पर दो पायलटों की मौजूदगी अनिवार्य रहती है।

कैलाश मानसरोवर जाने वाले 50 पर्यटक संपर्कविहीन

बाढ़ का असर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर भी पड़ा है। रसुवा बॉर्डर पहुंचे 50 पर्यटकों से संपर्क टूट गया है। काठमांडू स्थित हिमालयन ग्लेशियर कंपनी से मंगलवार को रवाना हुए इन यात्रियों में 40 भारतीय मूल के अमेरिकी और कनाडाई नागरिक तथा 10 नेपाली नागरिक बताए गए हैं। कंपनी के संचालक सागर पांडे के अनुसार, बाढ़ के बाद से इन पर्यटकों से संपर्क नहीं हो सका है।

पृथ्वी और पासाड़ल्हामु राजमार्ग पर यातायात बंद

भोटेकोशी नदी में बाढ़ और उसके बाद हुए भूस्खलन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पृथ्वी राजमार्ग और पासाङल्हामु राजमार्ग पर सार्वजनिक वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है।

काठमांडू से चितवन, पोखरा समेत पश्चिमी नेपाल, गोरखा, लमजुंग, धादिंग, नुवाकोट और रसुवा जाने वाले वाहनों को काठमांडू में ही रोक दिया गया है। प्रशासन ने नदी तटीय और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।