नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग पर एकजुट हुए आधा दर्जन दल, पूर्व पीएम देउवा के बयान से गरमाई सियासत
Nepal Political News: सुनसरी में सांप्रदायिक हिंसा के बाद नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर आधा दर्जन राजनीतिक ...और पढ़ें

सभी दल को एक मंच पर लाकर साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने की पहल की जा रही है। प्रतीकात्मक फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Hindu Nation Movement Nepal: सुनसरी में सांप्रदायिक हिंसा के बाद नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर आधा दर्जन राजनीतिक दल और संगठन गोलबंद होने लगे हैं।
इनमें राष्ट्रीय एकता दल, राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी, जय नेपाल पार्टी, राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी और नेपाली कांग्रेस के पूर्व सभापति व पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा गुट के अलावा दुर्गा प्रसाई का इसे लेकर चलाया जा रहा राष्ट्रीय अभियान शामिल है।
सनातन हिंदू राष्ट्र की मांग
ये हिंदू राष्ट्र के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे। समय-समय पर राजनीतिक दलों और नेताओं के इनके समर्थन में बयान भी आ रहे हैं। शेर बहादुर देउवा के नेपाल को सनातन हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग के समर्थन में आवाज बुलंद करने के बाद वहां का राजनीतिक माहौल फिर गरम है।
राष्ट्रीय एकता दल के अध्यक्ष विनय यादव का कहना है कि हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर साझा एजेंडे के साथ काम किया जा रहा है। नेपाल के करीब आधा दर्जन प्रमुख दल इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हैं। सभी को एक मंच पर लाकर साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने की पहल की जा रही है।
राजनीतिक दलों का समर्थन
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उनके अनशन को कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिला था। अब वह शेर बहादुर देउवा से भी मुलाकात करेंगे। मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में सनातन हिंदू राष्ट्र का एजेंडा किसी एक दल या समूह तक सीमित नहीं रह गया है।
यह बहुसंख्यक नेपालियों की धार्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय पहचान से जुड़ा मुद्दा है। इसे तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए किसी एक दल का प्रयास पर्याप्त नहीं होगा।
पूर्व उप प्रधानमंत्री भी पक्षधर
पूर्व उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के अध्यक्ष राजेंद्र महतो भी सनातन राष्ट्र के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल सनातन पूर्वी सभ्यता का उद्गम स्थल है। देश की शासन व्यवस्था इसी सभ्यता के आधार पर संचालित होनी चाहिए।
कम्युनिज्म और कैपिटलिज्म के आधार पर नेपाल की शासन व्यवस्था नहीं चल सकती। पश्चिमी ज्ञान और सत्ता के प्रभाव के कारण नेपाल की पूर्वी सभ्यता और उसकी पहचान प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसे नेपाल की सांस्कृतिक पहचान पर हमला बताया।
हिंदू राष्ट्र का समर्थन
हिंदू राष्ट्र की पुनर्स्थापना की मांग को लेकर राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) प्रमुख रूप से मुखर है। राजेंद्र प्रसाद लिंगदेन के नेतृत्व वाली राप्रपा संवैधानिक राजशाही और हिंदू राष्ट्र का समर्थन करती है।
पार्टी लंबे समय से नेपाल को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग उठाती रही है। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी में महामंत्री रहे डा. धवल शमशेर राणा ने जय नेपाल पार्टी का गठन किया है। वह भी हिंदू राष्ट्र के एजेंडे को लेकर सक्रिय हैं।
वहीं, दुर्गा प्रसाई के नेतृत्व में नेपाल में राष्ट्र, राष्ट्रीयता, धर्म, संस्कृति और राजशाही की वापसी के साथ हिंदू राष्ट्र की मांग पर आंदोलन चल रहा है। इसके अतिरिक्त शेर बहादुर देउवा के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस का एक वर्ग भी हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर मुखर है।
