मुजफ्फरपुर में एनएच पर पुल से नीचे गिरी कार, रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे मां-बेटे की मौत
मुजफ्फरपुर में एनएच-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षिका और उनके पुत्र की मौत हो गई। वे रक्षाबंधन ...और पढ़ें

पुल के नीचे गिरी कार। मधु वर्मा (ऊपर) तथा पुनीत स्पर्श फाइल फोटो। सौ. स्वजन
HighLights
मुजफ्फरपुर में एनएच-27 पर कार पुल से गिरी।
रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे मां-बेटे की मौत हुई।
शिक्षिका मधु श्रीवास्तव व पुत्र पुनीत स्पर्श की मृत्यु।
संवाद सहयोगी, गायघाट (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Road Accident: बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआरी ठीकापाही के पास एनएच-27 पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे पानी भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार शिक्षिका और उनके पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा स्थित चौधरी केदारनाथ उच्च विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
दरभंगा जिले के सिमरी गांव निवासी स्वर्गीय संजय कुमार सिन्हा की 54 वर्षीय शिक्षिका पत्नी मधु श्रीवास्तव रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाकर अपने 35 वर्षीय पुत्र पुनीत स्पर्श के साथ पटना से कार द्वारा दरभंगा लौट रही थीं।
इसी क्रम में ठीकापाही के समीप अचानक कार पुल की रेलिंग से टकराते हुए सीधे नीचे पानी से लबालब भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पानी में डूबी कार से बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मां-बेटे को तुरंत गायघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से जख्मी पुनीत स्पर्श को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। एसकेएमसीएच में गहन उपचार के दौरान पुनीत स्पर्श ने भी दम तोड़ दिया, जो सिमरी में परिणयम विवाह भवन का संचालन करते थे।
मां और बेटे की एक साथ असामयिक मौत की हृदयविदारक खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के सटीक कारणों की तकनीकी व प्रत्यक्षदर्शी स्तर पर छानबीन शुरू कर दी है।
