विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

North Bihar Weather Update: किसानों के लिए अगले 5 दिन बेहद खास, मौसम देगा गेहूं और सरसों की बोआई का सुनहरा मौका

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:37 PM (IST)

उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने से रबी फसलों की बुआई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. अगले पांच दिनों तक उत्तर बिहार में मौसम शुष्क रहेगा।

  2. गेहूं, सरसों सहित रबी फसलों की बुआई का उचित समय।

  3. कृषि विशेषज्ञों ने समय पर बुआई और बीज उपचार की सलाह दी।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। सुबह की गुलाबी ठंड और दोपहर की हल्की गर्मी के बीच उत्तर बिहार के किसानों के लिए खेती-किसानी का अनुकूल समय आने वाला है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना नहीं होने से रबी फसलों की बुआई के काम में तेजी लाई जा सकती है।

कृषि विशेषज्ञों ने मौसम की अनुकूलता को देखते हुए गेहूं, सरसों, मटर और अन्य रबी फसलों की बुआई समय पर पूरी करने की सलाह दी है।

पांच दिनों तक नहीं होगी बारिश

जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र, डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ और मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 29 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

सुबह ठंड, दोपहर में हल्की गर्मी

मंगलवार को सुबह से धूप खिली रही, हालांकि आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था।

वहीं न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 80 प्रतिशत और दोपहर में 35 से 40 प्रतिशत रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पूर्व से पूर्वी दिशा की ओर चार से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।

गेहूं की बुआई में बीज की मात्रा का रखें ध्यान

कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के नोडल पदाधिकारी डा. ए. सत्तार ने बताया कि वर्तमान मौसम गेहूं, सरसों, मटर, आलू, प्याज और सब्जियों की बुआई के लिए अनुकूल है। किसानों को गेहूं की समय से बुआई के लिए प्रति हेक्टेयर 125 किलोग्राम बीज का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, देर से बुआई करने की स्थिति में बीज की मात्रा 100 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रखनी चाहिए।

बुआई से पहले बीज उपचार जरूरी

डा. सत्तार ने किसानों को बुआई से पहले गेहूं के बीज को विटावैक्स से उपचारित करने की सलाह दी है। इससे बीज जनित रोगों से बचाव में मदद मिलती है। उन्होंने सरसों की बुआई इसी सप्ताह पूरी कर लेने को कहा है। मौसम की अनुकूलता का लाभ उठाकर किसान समय पर बुआई और बेहतर फसल उत्पादन की तैयारी कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।