SKMCH में हाजिरी लगाकर डॉक्टर गायब: बायोमीट्रिक सिस्टम का निकाला तोड़, 11 बजे तक खाली मिल रहीं OPD की कुर्सियां
एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर में डॉक्टर और लिपिक बायोमीट्रिक हाजिरी के बावजूद समय पर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं, जिससे मरीजों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें

HighLights
एसकेएमसीएच में डॉक्टर-लिपिक ड्यूटी पर नहीं आ रहे।
बायोमीट्रिक हाजिरी के बावजूद समय पर नहीं रहते।
अधीक्षक ने 30 से अधिक कर्मियों पर कार्रवाई शुरू की।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। एसकेएमसीएच में चिकित्सक और लिपिकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक और लिपिक सुबह 11 बजे से पहले ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे हैं।
इसके कारण इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले मरीजों के साथ-साथ कार्यालयी कामकाज के लिए आने वाले आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सख्ती के लिए अस्पताल में लगाई गई बायोमीट्रिक हाजिरी सिस्टम ने इन कर्मचारियों की पोल खोलकर रख दी है।
आंकड़ों के मुताबिक, बायोमीट्रिक व्यवस्था लागू होने से कागजों पर तो चिकित्सक और लिपिकों की उपस्थिति में सुधार दिख रहा है, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। डेंटल, सर्जरी, मेडिसिन, रेडियोलाजी, आई और इएनटी में अधिकांश चिकित्सक ने इस व्यवस्था का भी तोड़ निकाल लिया है।
वे सुबह केवल बायोमीट्रिक मशीन में इन (आगमन) दर्ज कराने अस्पताल पहुंचते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। इसके बाद दोपहर को दोबारा सिर्फ आउट (प्रस्थान) की हाजिरी लगाने अस्पताल आ रहे हैं। इस बीच के समय में ओपीडी से चिकित्स्क गायब रहते हैं।
नौ से पांच का समय, पर कुर्सियां खाली
एसकेएमसीएच के प्रशासनिक कार्यालयों का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। वहीं, ओपीडी में मरीजों को देखने के लिए चिकित्सक का समय सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक तय किया गया है। इसके बावजूद सुबह 11 बजे तक न तो ओपीडी में चिकित्सक मिल रहे हैं और न ही दफ्तरों में लिपिक अपनी कुर्सियों पर नजर आ रहे हैं।
खबरें और भी
उपस्थिति के मुताबिक बन रहा वेतन
अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने बताया कि एसकेएमसीएच में सरकारी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों का बायोमीट्रिक हाजिरी सिस्टम से उपस्थिति दर्ज करने के मुताबिक की वेतन भुगतान किया जा रहा है।
जून में मिले बायोमेट्रिक उपस्थिति विवरणी के अनुसार, अनेक का टाइमटेबल को लेकर आपत्ति जताते हुए हिदायत दी गई है। स्पष्टीकरण भी पूछा गया है।
बायोमीट्रिक हाजिरी के साथ ही सभी वर्ग के कर्मियों का फिजिकल वेरीफाई भी कराई जा रही है। इसमें तीस से अधिक लोग चिह्नित किए हैं। उनपर कार्रवाई की कवायद शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- खगड़िया: MDM में सांप जैसा कीड़ा मिलने पर कार्रवाई, महिला प्रिंसिपल सस्पेंड; 4 रसोइयों की सेवा समाप्त