Updated: Tue, 17 Sep 2024 01:47 PM (IST)
मुजफ्फरपुर में तीन छात्राओं ने छेड़खानी करने वाले दो मनचलों को बीच सड़क पर पीट दिया। छात्राएं मोतीझील में किताब खरीदने गई थीं। घर लौटते समय मनचले उनके ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल रोड में सोमवार को तीन छात्राओं के साथ छेड़खानी की गई। विरोध करने पर दोनों मनचले छात्राओं पर मारपीट के लिए उतारू हो गए। इसके बाद तीनों छात्राओं ने दोनों आरोपितों को बीच सड़क पर पीटा। इसको लेकर कुछ समय के लिए गहमागहमी बन गई।
लोगों से घिरते देख दोनों आरोपित आटो से भाग निकले। सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि इसके पूर्व ही दोनों आरोपित वहां से भाग निकले। बताया गया कि तीनों छात्राएं मोतीझील में किताब खरीदने को आई थी। घर जाने के दौरान दोनों मनचले उनके पीछे लग गए।
हाथ पकड़कर मोबाइल नंबर मांगा
रास्ते में फब्तियां कसा और हाथ पकड़कर मोबाइल नंबर मांगा। इसका छात्राओं ने विरोध किया और मारपीट कर दी। मौके पर पहुंचे नगर थाने के पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि सूचना पर आए। तब तक आरोपित भाग निकले थे। विदित हो कि चार दिन पूर्व मिठनपुरा के क्लब रोड इलाके में भी छात्राओं के साथ छेड़खानी की गई थी।
इसके बाद नगर थाना क्षेत्र में यह दूसरी घटना हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सही से गश्ती नहीं होने के कारण सड़क पर छात्राएं सुरक्षित नहीं है। जबकि मुख्यालय के आदेश पर महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर सुविधा के लिए डायल 112 को विशेष निर्देश दिए गए है। बावजूद सड़कों पर पुलिस की गश्ती नहीं बढ़ाई जा रही है।