तिरहुत स्नातक में 59 हजार व शिक्षक निर्वाचन में 4200 वोटर, 20 सितंबर तक आएगी अंतिम सूची
Bihar Mlc Voter List: तिरहुत प्रमंडल में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा ...और पढ़ें

चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और शुचितापूर्ण बनाने के लिए निर्वाचन तंत्र लगातार निगरानी कर रहा है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Tirhut Graduate Constituency: तिरहुत प्रमंडल में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर मतदाता सूची को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।
अब तक की रिपोर्ट के मुताबिक स्नातक निर्वाचन में 59 हजार 846 और शिक्षक निर्वाचन में 4,272 मतदाता दर्ज किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़ा अभी प्रारंभिक है और इसमें मतदाताओं के नाम घट-बढ़ सकते हैं।
20 सितंबर को फाइनल लिस्ट
मतदाता सूची को दुरुस्त करने के साथ ही नए नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटाने का कार्य अपने अंतिम चरण में है। आगामी 20 सितंबर तक अंतिम व त्रुटिरहित मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा इसी महीने चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा किए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
जांच में पकड़ी गई गड़बड़ियां
मुजफ्फरपुर जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आवेदनों की गहनता से जांच की जा रही है। इस दौरान कई गंभीर और चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं, जहां एक ही शैक्षणिक प्रमाण पत्र पर तीन-तीन लोगों के नाम जोड़ दिए गए हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग स्थानों की वोटर लिस्ट में भी दर्ज पाया गया है।
पारदर्शी चुनाव की तैयारी
प्रशासनिक स्तर पर इन सभी तकनीकी गड़बड़ियों और फर्जी प्रविष्टियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही निष्पक्ष सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और शुचितापूर्ण बनाने के लिए निर्वाचन तंत्र लगातार निगरानी कर रहा है।
अतिरिक्त जवाबदेही का आदेश
तैयारियों के बीच जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार को तिरहुत प्रमंडल अंतर्गत स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की अतिरिक्त जवाबदेही सौंपी गई है।
प्रमंडलीय आयुक्त के अनुरोध पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आदेश जारी कर इनकी प्रतिनियुक्ति की है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद चुनावी तैयारियों की मॉनिटरिंग और तेज कर दी गई है।
