पूर्वी चंपारण का 10 हजार का इनामी वांटेड आकाश मुजफ्फरपुर के देवरिया से गिरफ्तार
बिहार एसटीएफ ने पूर्वी चंपारण के सीएसपी लूट मामले में फरार 10 हजार के इनामी वांटेड आकाश कुमार को मुजफ्फरपुर ...और पढ़ें

आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। East Champaran Wanted Criminal: बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से लूट के मामले में फरार चल रहे वांटेड आकाश कुमार को मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
करीब दो वर्ष पूर्व हुई लूट के बाद से वह फरार चल रहा था। आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
जिला पुलिस की कार्रवाई में सफलता नहीं मिलने के बाद एसटीएफ की विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगी थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने देवरिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आकाश को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित मूल रूप से साहेबगंज के बैतापुर (बाजीतपुर) का रहने वाला है।
पांच मामले दर्ज
आकाश के पास से एक मोबाइल और 580 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिले के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत पांच मामले दर्ज हैं। चकिया में सीएसपी संचालक से लूट के मामले में भी वह वांटेड था।
कई बदमाशों के नाम बताए
पूछताछ में आकाश ने पुलिस को कई अन्य बदमाशों के नाम और उनके ठिकानों के बारे में जानकारी दी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही उसके विरुद्ध पूर्व से दर्ज मामलों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है और इसके लिए विभिन्न थानों से संपर्क किया गया है।
रिमांड पर लेने की तैयारी
पुलिस का कहना है कि लंबित मामलों में आरोपित को रिमांड पर लेने की कवायद की जाएगी। पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।